Home  लाइफस्टाइल समाचार 14 कुकिंग टिप्स जो रोज के खाने को स्वादिष्ट बना देंगी, सब...

14 कुकिंग टिप्स जो रोज के खाने को स्वादिष्ट बना देंगी, सब पूछेंगे- कौन सा मसाला डालती हैं?

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Cooking Tips: कुकिंग की सही टेक्नीक फॉलो की जाए तो खाने का स्वाद नेक्स्ट लेवल हो जाता है। आज कुछ ऐसी ही कमाल की टिप्स हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर के आप अपना रोज का खाना और भी स्वादिष्ट बना सकती हैं।

हर कोई चाहता है कि उनके हाथ का बना खाना इतना टेस्टी हो कि सामने वाला उंगलियां चाटने पर मजबूर हो जाए। लेकिन कई बार रेसिपी सेम फॉलो करने पर भी खाने में वो स्वाद नहीं आ पाता, जितना किसी एक्सपर्ट कुक या रेस्टोरेंट वाले खाने में आता है। क्या आपके कभी सोचा है ऐसा क्यों? दरअसल सिर्फ सामग्री वही डाल देने से खाना टेस्टी नहीं बनता, बल्कि कुछ छोटी-छोटी बातें और भी ध्यान रखनी पड़ती है। कुकिंग की सही टेक्नीक फॉलो की जाए तो खाने का स्वाद नेक्स्ट लेवल हो जाता है। आज कुछ ऐसी ही कमाल की टिप्स हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर के आप अपना रोज का खाना और भी स्वादिष्ट बना सकती हैं।

खाना और भी स्वादिष्ट बनाने के 14 कुकिंग टिप्स

1) रोटी के लिए पानी से आटा गूंथने के बाद उसमें थोड़ा सा देसी घी मिलाएं और आटा एक बार अच्छी तरह दोबारा गूंथ लें। ऐसा करने से आटा सूखेगा नहीं और रोटियां भी बिल्कुल सॉफ्ट-सॉफ्ट बनेंगी।

2) घर में तंदूरी रोटी बना रही हैं तो आटे में थोड़ी सी दही जरूर मिलाएं और हमेशा गुनगुने पानी से ही आटा गूंथे। इससे तंदूरी रोटी बहुत ही सॉफ्ट बनेगी और उनमें एक परफेक्ट क्रिस्पनेस आएगी।

3) दाल से चीले या वड़ा कुछ भी बनाएं तो उसके घोल में दो चम्मच चावल का आटा जरूर मिला दें। इससे चीला या वड़ा काफी कुरकुरे और टेस्टी बनते हैं।

4) अगर आप रात में चने भिगोना भूल गई हैं, तो सुबह कुकर में चने उबालते हुए साथ में कुछ कच्चे पपीते के टुकड़े भी मिला दें। इससे चने जल्दी गल भी जाएंगे। इस पपीते को मैश कर के चने की ग्रेवी में ही मिक्स कर दें, सब्जी का स्वाद और भी बढ़ जाएगा।

5) अगर आपके पास ब्रेड बच गई है या सूखी ब्रेड रखी है, तो इसे पीस लें। फिर हल्के से देसी घी में भूनें और एक कंटेनर में स्टोर कर लें। अब जब भी कोई ग्रेवी वाली सब्जी बनाएं तो उसमें ये ब्रेड क्रंब्स मिला दें, ग्रेवी गाढ़ी हो जाएगी और स्वाद भी बढ़ जाएगा।

6) कोई भी दही वाली सब्जी बना रही हैं तो नमक हमेशा उबाल आने के बाद ही डालें। इससे दही फटेगी नहीं। साथ ही मीडियम फ्लेम पर चलाते हुए ही दही को पकाएं, इससे एकदम परफेक्ट टेक्सचर आएगा।

7) किसी भी मिठाई के लिए चाशनी बनाने जा रही हैं तो पहले बर्तन में चारों तरफ घी या तेल की एक कोटिंग लगा दें। इससे चाशनी चिपकेगी नहीं और बर्तन साफ करने में भी आसानी होगी।

8) दही वड़ा बनाने के लिए जब भी दाल फेंट रही हों, उसमें एक उबला हुआ आलू अच्छी तरह से मैश कर के मिला दें। इन्हें आपस में अच्छे से फेंट लें, दही वड़े बिल्कुल सॉफ्ट और टेस्टी बनेंगे।

9) टमाटर का सूप बना रही हैं तो उसमें थोड़ा सा पुदीना का पाउडर भी एड कर दें। इससे सूप काफी ज्यादा टेस्टी बनता है और उसमें गजब की खुशबू आती है।

10) घर पर डोसा बना रही हैं तो उसके घोल में जरा सी चीनी मिलाकर फेंट लें। इससे डोसा काफी कुरकुरा बनता है और उसका कलर भी एकदम रेस्टोरेंट जैसा आता है।

11) कोई भी सब्जी बना रही हैं तो सबसे पहले मसाले को अच्छी तरह भून लें, उसके बाद ही पानी मिलाएं। मसाले अच्छे से भुने होंगे तभी सब्जी में टेस्ट आएगा।

12) नॉर्मल पूड़ी को हल्का ट्विस्ट देना चाहती हैं तो आटे में किसी भी अचार का मसाला और तेल मिलाकर गूंथ लें। इससे बहुत ही टेस्टी अचारी पूड़ी बनकर तैयार होंगी।

13) जब भी हरे धनिया की चटनी बनाएं, उसमें भुनी हुई मूंगफली डालकर पीस लें। इससे चटनी में गाढ़ापन आएगा और स्वाद भी दोगुना हो जाएगा। ये जल्दी खराब भी नहीं होती।

14) कोई भी हरी सब्जी बना रही हैं, तो उसमें चुटकी भर चीनी भी मिला दें। इससे सब्जी का ब्राइट हरा कलर बरकरार रहेगा और वो खाने में भी ज्यादा स्वादिष्ट लगेगी।

(All Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN