Source :- LIVE HINDUSTAN
Cooking Tips: भरवां करेले का मसाला तो काफी टेस्टी लगता है, लेकिन अगर करेले कड़वे हैं तो पूरा स्वाद खराब हो जाता है। अगर आप भी अक्सर ये प्रॉब्लम फेस करती हैं तो दादी मां का ये सीक्रेट आपको जरूर पता होना चाहिए।
रोटी हो या चावल, साथ में भरवां करेले हों तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है। इनमें भरा हुआ प्याज का चटपटा मसाला खाने में खूब टेस्टी लगता है। सच कहूं तो कुछ लोग नॉर्मल करेले खाने में भले ही नखरे करें, लेकिन भरवां करेले सब बड़े शौक से खाते हैं। खैर, इन्हें बनाने में एक बड़ी दिक्कत आती है, वो है इनकी कड़वाहट। क्योंकि यहां पूरा साबुत करेला इस्तेमाल होता है, इसलिए कड़वाहट पूरे टेस्ट को खराब कर सकती है। कई बार तो अंदर का मसाला काफी टेस्टी बनता है, लेकिन करेले का कड़वापन सारा स्वाद खराब कर देता है। अगर आपके साथ भी यही प्रॉब्लम अक्सर होती है, तो आज मैं अपनी दादी की कुछ टिप्स आपके साथ शेयर कर रही हूं। अगली बार भरवां करेले बनाते हुए इन्हें फॉलो करेंगी तो कड़वापन बिल्कुल भी नहीं लगेगा।
करेले के छिलके निकालकर बनाएं
सबसे पहले करेले को अच्छी तरह धो लें, फिर उसके बीज छीलकर निकाल दें। एक बात ध्यान रखें कि आपको छिलका हटाने के बाद करेले नहीं धोने हैं, ऐसा करने से वो वापस कड़वे हो सकते हैं। इसलिए पहले ही अच्छे से वॉश कर लें, फिर छील लें। बहुत से लोग बिना छीले भी करेले बनाते हैं, हालांकि छिलके ज्यादा कड़वे होते हैं इसलिए निकालने में ही फायदा है। साथ ही इनके अंदर के बीज भी रिमूव कर दें।
टिप: करेले के छिलके और बीज फेंके नहीं। इन्हें आप अंदर का मसाला बनाने में इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे स्वाद काफी अच्छा आता है। लेकिन अगर बीज लाल रंग के हैं या ज्यादा पक गए हैं, तो अवॉइड करें।
हल्दी और नमक लगाकर रखें करेले
अब एक कटोरी में नमक और हल्दी मिलाकर एक मिक्सर तैयार करें। इसे आपको करेले के आगे-पीछे और अंदर अच्छी तरह लगा देना है। कम से कम आधा-एक घंटे के लिए यूं ही छोड़ दें, करेले का सारा कड़वापन काफी हद तक निकल जाएगा। इसके बाद करेले अच्छे से धो लें, ताकि नमक वाला पानी निकल जाए।
तेल में फ्राई कर लें करेले
करेले की कड़वाहट काफी हद तक कम करने का ये तरीका भी काफी अच्छा है। अगर आप करेले को तेल में फ्राई कर लेंगी तो भी इनका कड़वापन काफी कम हो जाएगा। बस नमक वाले पानी से निकालकर करेले अच्छे से पोंछ लें, ताकि उनमें पानी ना रहे। फिर सरसों के तेल में तल लें, स्वाद भी काफी अच्छा आएगा।
हल्के नमक वाले पानी में उबाल लें
करेले ज्यादा कड़वे हैं तो नमक वाले पानी में भी आप इन्हें उबाल सकती हैं। बस बीच से चीरा लगाकर इन्हें 5-7 मिनट के लिए पानी में नमक डालकर उबाल लें। इससे करेला नर्म भी हो जाएगा और उसका कड़वापन भी काफी हद तक कम हो जाएगा।
सही मसालों से स्वाद को करें बैलेंस
सही मसालों के इस्तेमाल से भी आप करेले के कड़वे स्वाद को बैलेंस कर सकती हैं। इनका मसाला बनाते हुए प्याज और खटाई का इस्तेमाल जरूर करें। खासतौर से कच्चा आम या फिर अमचूर पाउडर जरूर डालें, इससे स्वाद काफी बैलेंस हो जाता है और कड़वाहट भी काफी हद तक निकल जाती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


