Home खेल समाचार विक्टर एक्सेलसन के संन्यास पर लक्ष्य सेन हुआ भावुक, बोले- ये चीज...

विक्टर एक्सेलसन के संन्यास पर लक्ष्य सेन हुआ भावुक, बोले- ये चीज आपको बनाती है सबसे अलग

19
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

डेनमार्क के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसन ने संन्यास ले लिया है।  32 वर्षीय खिलाड़ी के संन्यास पर लक्ष्य सेन ने एक भावुक संदेश शेयर किया है।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने दो बार के ओलंपिक चैंपियन विक्टर एक्सेलसन के संन्यास की घोषणा के बाद एक भावुक संदेश में कहा कि बैडमिंटन जगत उन्हें ‘खेल के इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में से एक’ के रूप में याद रखेगा। एक्सेलसन ने लगातार पीठ के दर्द से जूझने के कारण बुधवार को संन्यास की घोषणा कर दी। डेनमार्क के इस 32 वर्षीय खिलाड़ी ने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीते थे जबकि 2017 और 2022 में वह विश्व चैंपियन बने थे। लक्ष्य ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, ”बैडमिंटन आपके जैसे खिलाड़ी को पाकर धन्य है और आपको इस खेल के महानतम खिलाड़ियों में से एक के रूप में याद रखेगा। जो चीज आपको वास्तव में सबसे अलग बनाती है, वह यह है कि आप एक बहुत अच्छे इंसान हैं। आपको भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”

‘एक महीने पहले मेरी उनसे बात हुई थी’

लक्ष्य के गुरु और पूर्व भारतीय कोच विमल कुमार ने कहा कि एक्सेलसन के संन्यास लेने से इस खेल में बड़ा शून्य पैदा हो गया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ”विक्टर एक्सेलसन का पीठ की समस्या के कारण के खेल से संन्यास लेने की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। एक महीने पहले जब मेरी उनसे आखिरी बार बात हुई थी, तब उन्होंने अपनी रिकवरी और सर्जरी के बाद सुधार न होने को लेकर चिंता व्यक्त की थी। लेकिन तब मैंने कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें इतना कड़ा फैसला करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।” उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्व बैडमिंटन महासंघ एक्सलसेन को कोई महत्वपूर्ण भूमिका सौंपेगा। विमल ने कहा, ”व्यक्तिगत तौर पर मुझे लगता है कि यह खेल के लिए ही एक नुकसान है। मुझे पूरी उम्मीद है कि विश्व बैडमिंटन महासंघ विक्टर को खेल में बड़ी भूमिका देने पर विचार करेगा।”

अक्टूबर से किसी प्रतियोगिता में नहीं खेले

एक्सेलसन ने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि लगातार चोटिल होने के कारण उन्हें यह फैसला करना पड़ा। डेनमार्क का यह खिलाड़ी पिछले साल अक्टूबर से पीठ की समस्या के कारण किसी भी प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाया है। उन्होंने इसके लिए सर्जरी भी कराई लेकिन उनका दर्द अब भी बना रहता है। तीन बार के यूरोपीय चैंपियन एक्सेलसन ने ‘बैडमिंटन यूरोप’ से कहा, ”जैसा कि अधिकतर लोग जानते हैं कि मैं काफी समय से अपनी पीठ की समस्या से जूझ रहा हूं। पिछले साल अप्रैल में सर्जरी कराने और लंबे समय तक ‘रिहैबिलिटेशन’ से गुजरने के बाद दुर्भाग्य से अक्टूबर में यह दर्द फिर से उबर गया।” उन्होंने कहा, ”दर्द के कारण मैं खेल नहीं पा रहा हूं और अभ्यास भी नहीं कर पा रहा हूं। इस कारण मुझे यह बेहद मुश्किल फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN