Home  लाइफस्टाइल समाचार धूप में सुखाने का झंझट नहीं! कुकर में 1 सीटी लगाकर बना...

धूप में सुखाने का झंझट नहीं! कुकर में 1 सीटी लगाकर बना लें आम का अचार, सीखें वायरल ट्रिक

14
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Aam Ka Achar: आम का अचार आप सिर्फ 5 मिनट में भी बना सकती हैं और वो भी प्रेशर कुकर में। सुनकर अजीब लग रहा होगा, लेकिन ये हैक वाकई काम करता है। आप भी अचार बनाने की सोच रही हैं, तो ट्रिक एक बार जरूर सीख लें।

भारतीय खानपान में अचार की अपनी अलग ही स्पेशल जगह है। रोटी, पराठे हों या चावल और पूड़ी; अचार सभी के साथ टेस्टी लगता है। गर्मियां जैसे ही शुरू होती हैं, वैसे ही कच्चे आम मार्केट में मिलना शुरू हो जाते हैं और इनसे बनता है टेस्टी सा अचार। आज हम आपके लिए अचार की कोई रेसिपी नहीं ले कर आए हैं, बल्कि एक वायरल ट्रिक ले कर आए हैं, जिससे आप 5 मिनट में ही आम का अचार बना सकती हैं और वो भी प्रेशर कुकर में। हां ये सुनने में थोड़ा अजीब जरूर है, लेकिन वाकई ये अचार बिल्कुल धूप में सुखाकर बनाए हुए अचार जैसा ही लगता है। इसके स्वाद में कोई भी फर्क नहीं आता और फटाफट से बन भी जाता है। तो चलिए इंस्टाग्राम की ये वायरल ट्रिक फटाफट से जान लेते हैं।

सबसे पहले कच्चे आम काटकर तैयार करें

कुकर में फटाफट 5 मिनट के अंदर अचार बनाने के लिए आपको सबसे पहले कच्ची कैरी यानी कच्चे आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लेना है, जैसे आप नॉर्मली अचार के लिए काटती हैं। अब इनपर थोड़ा सा हल्दी पाउडर छिड़क दें और लगभग 5-10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इससे अचार का रंग काफी अच्छा आता है और हल्दी की वजह से अचार जल्दी खराब भी नहीं होता।

मसालों में छिपा है आचार का असली स्वाद

अचार का असली स्वाद तो इसके मसालों में छिपा होता है। इन्हीं से अचार में खुशबू और फ्लेवर आता है। तो इसके लिए आप एक स्पेशल मसाला बनाकर तैयार कर सकती हैं। एक पैन में थोड़ा सा साबुत धनिया, सौंफ, काली मिर्च, मेथी दाना, जीरा और सरसों के दाने (राई) को धीमी आंच पर भून लें। फिर इन्हें ठंडा होने दें और सिलबट्टे या मिक्सर की मदद से दरदरा सा पाउडर बना लें।

प्रेशर कुकर में ऐसे बनाएं इंस्टेंट आम का अचार

अब प्रेशर कुकर में कटे हुए कच्चे आम डालें। साथ में जरूरत के हिसाब से लाल मिर्च पाउडर, काला नमक और चुटकी भर हींग एड करें। इससे अचार की खुशबू काफी अच्छी आती है। अब जो आपने स्पेशल अचार का मसाला तैयार किया है, उसे भी एड कर दीजिए। इसके बाद बारी है सरसों का तेल मिलाने की। आपको इसमें गर्म तेल मिलाना है और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लेना है।

कुकर में कितनी सीटी लगाएं?

अचार को बहुत ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं है। बस सभी चीजें मिक्स कर के कुकर का ढक्कन बंद करें, फिर एक सीटी आने तक पका लें। आपका इंस्टेंट अचार लगभग तैयार हो जाएगा। इसके ठंडा होने पर आप इसे किसी जार में स्टोर कर के रख सकती हैं।

कितने दिन तक खराब नहीं होगा?

ये आम का अचार इंस्टेंट है, इसे आपने धूप भी नहीं लगाई है इसलिए इसकी शेल्फ लाइफ कम होती है। ये जल्दी खराब हो सकता है। लेकिन एक ट्रिक और है जिससे आप इसे पूरे 1 साल तक बिना खराब हुए चला सकती हैं। इसके लिए आपको बस अचार के जार को तेल से भर देना है और धूप में 4-5 दिन के लिए सुखा लेना है, फिर ये अचार आराम से 1 साल तक भी खराब नहीं होगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN