Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/04/14/1200x900/D2_Cs_1776183231520_1776183235535.jpgDhurandhar: रणवीर सिंह की मल्टीस्टारर फिल्म धुरंधर और धुरंधर-2 ने मिलकर बॉक्स ऑफिस पर वो तांडव मचाया है कि साउथ की फिल्मों के भी रिकॉर्ड्स की धज्जियां उड़ा दी हैं।
‘धुरंधर’ और इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने ₹3,000 करोड़ से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है। यह भारत की पहली फिल्म फ्रेंचाइजी बनी है जिसने यह आंकड़ा छुआ है। इसके साथ ही ‘धुरंधर’ ने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी फिल्म फ्रेंचाइजी (जैसे ‘बाहुबली’ और ‘पुष्पा’) के रिकॉर्ड्स को भी पीछे छोड़ दिया है। दिलचस्प बात यह भी है कि इस फिल्म पर पाकिस्तान समेत कई देशों में बैन लगने के बावजूद इसने यह रिकॉर्ड बनाया है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने तोड़े कई रिकॉर्ड
सैकनिल्क की एक रिपोर्ट के मुताबिक ‘धुरंधर-2’ ने अब तक दुनिया भर में ₹1712 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। दोनों फिल्मों की कमाई की बात करें तो ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर-2’ की वर्ल्डवाइड कमाई ₹3019 करोड़ हो गई है। यह फिल्म सिनेमाघरों में 19 मार्च को रिलीज हुई थी और बहुत कम वक्त के भीतर इसने पार्ट-1 की कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इसे इस बार हिंदी के साथ-साथ सभी साउथ इंडियन भाषाओं में भी रिलीज किया गया। सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ पोस्टपोन हो गई थी, और इसका भी रणवीर की धुरंधर-2 को पूरा फायदा मिला।
यह रिकॉर्ड बनाने वाली पहली हिंदी फिल्म
भारतीय बॉक्स ऑफिस की बात करें तो ‘धुरंधर’ ₹840 करोड़ की नेट कमाई के साथ यह ₹1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली पहली हिंदी फिल्म बन गई है। भारत में फिल्म की अब तक की कुल कमाई ₹1083 करोड़ हो चुकी है और यह सिलसिला अभी जारी है। इससे पहले केवल ‘पुष्पा 2: द रूल’, ‘केजीएफ – 2’ और ‘बाहुबली 2 द कन्क्लूजन’ ने ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ₹1000 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था।
टॉप 4 में धुरंधर के पीछे कौन सी फिल्में?
कमाई की इस रेस में ‘धुरंधर’ ने कई बड़ी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ा है। एसएस राजामौली की ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी ने कुल ₹2438 करोड़ का कलेक्शन किया था, वहीं अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा’ फ्रेंचाइजी ₹2221 करोड़ के साथ दूसरे नंबर पर थी। यश स्टारर ‘केजीएफ’ सीरीज ने कुल ₹1453 करोड़ कमाए थे। ‘धुरंधर’ अब भारत की इकलौती ऐसी फ्रेंचाइजी बन गई है जिसकी दोनों फिल्मों ने ₹1000 करोड़ से ज्यादा का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन किया है। फिल्म अभी भी थिएटर्स में टिकी हुई है, तो देखना यह है कि आंकड़ा कहां जाकर थमता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN

