Home विश्व समाचार ग्रीक पुलिस ने पाक-अफगान प्रवासियों को बना दिया ‘सीमा के गुर्गे’, इस...

ग्रीक पुलिस ने पाक-अफगान प्रवासियों को बना दिया ‘सीमा के गुर्गे’, इस काम में कर रही इस्तेमाल

17
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Greece-Turkiye Border: ग्रीक पुलिस पाकिस्तान, अफगानिस्तान और सीरिया समेत कई देशों के प्रवासियों को भर्ती कर रही है। इन तथाकथित ‘मास्क्ड मर्सिनरीज’ का इस्तेमाल तुर्की से लगती एवरोस भूमि सीमा पर अन्य प्रवासियों को हिंसक तरीके से बाहर धकेलने के लिए किया जा रहा है।

ग्रीक पुलिस पाकिस्तान, अफगानिस्तान और सीरिया समेत कई देशों के प्रवासियों को भर्ती कर रही है। इन तथाकथित ‘मास्क्ड मर्सिनरीज’ (नकाबपोश किराए के सैनिकों) का इस्तेमाल तुर्की से लगती एवरोस भूमि सीमा पर अन्य प्रवासियों को हिंसक तरीके से बाहर धकेलने के लिए किया जा रहा है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रीक पुलिस वर्ष 2020 से कम से कम इस प्रथा का सहारा ले रही है। इन प्रवासियों को नकद राशि, लूटे गए मोबाइल फोन और कुछ मामलों में ऐसे दस्तावेज दिए जाते हैं, जिनसे वे ग्रीस में अपेक्षाकृत स्वतंत्र रूप से घूम सकें। पुलिस के आंतरिक दस्तावेजों से पता चलता है कि इन समूहों की भर्ती और उनके उपयोग की पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश और निगरानी में ही हो रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रभावित प्रवासियों के बयानों में आरोप लगाया गया है कि एवरोस सीमा क्षेत्र में सैन्यीकृत अभियानों के दौरान इन भर्ती किए गए प्रवासियों को निर्वस्त्र कर पीटा जाता है, लूटा जाता है और कुछ मामलों में यौन उत्पीड़न तक किया जाता है। क्षेत्र के एक पुलिस सूत्र ने बीबीसी को बताया कि ऐसे समूहों के जरिए प्रति सप्ताह सैकड़ों लोगों को जबरन पीछे धकेला जा रहा है। बीबीसी ने अपनी जांच में प्रवासियों, पूर्व किराए के सैनिकों, पुलिस सूत्रों, आधिकारिक दस्तावेजों, लीक हुए प्रतिलेखों और सीमा पर हुई घटनाओं के वीडियो फुटेज का हवाला दिया है।

फ्रोंटेक्स (यूरोपीय सीमा एजेंसी) के मौलिक अधिकार कार्यालय की एक रिपोर्ट में भी पाया गया कि 10 से 20 तीसरे देशों के नागरिक ग्रीक अधिकारियों के निर्देश पर काम कर रहे थे। इन पर आरोप है कि उन्होंने प्रवासियों को जबरन तुर्की वापस भेजने से पहले उन्हें धमकाना, मारना और यौन तलाशी जैसा दुर्व्यवहार किया। एक सीमा रक्षक ने अनुशासनात्मक सुनवाई में भाड़े के सैनिकों द्वारा महिला प्रवासियों के साथ बलात्कार की शिकायतों का जिक्र भी किया। अन्य ने अत्यधिक हिंसा का वर्णन किया, जिसमें पीड़ितों को बेहोश होने तक मारना शामिल है।

गौरतलब है कि एवरोस क्षेत्र ग्रीस और तुर्की के बीच लगभग 200 किलोमीटर लंबी सीमा है और यह यूरोपीय संघ की बाहरी सीमा का हिस्सा है। जून 2023 में एक घटना में ग्रीक क्षेत्र में घुसने के बाद नकाबपोश लोगों ने प्रवासियों पर घात लगाकर हमला किया था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN