Source :- LIVE HINDUSTAN
चाय-सिगरेट साथ में पीने वालों की कमी नहीं है। ऑफिस ब्रेक हो या फिर सुबह की पहली चाय, दोनों ही समय पर चाय-सुट्टा का कॉम्बिनेशन लोग पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं ये आपकी सेहत के लिए कितना खतरनाक है?
ऑफिस ब्रेक हो या फिर घर पर अखबार के साथ चाय पीनी हो, कई लोगों ने चाय के साथ सिगरेट पीने की आदत बना ली है। इसे आजकल चाय-सुट्टा ब्रेक के नाम से भी जाना जाता है। ऑफिस के बाहर वाली टपरी पर ज्यादातर लोगों के एक हाथ में चाय का कुल्हड़ और दूसरे में सिगरेट दिख जाएगी। देखने में शायद ये कूल लगता है और थोड़ी देर के लिए स्ट्रेस से राहत भी देता है लेकिन लंबे समय के लिए ये जानलेवा साबित हो सकता है। जी हां, चाय-सिगरेट एक साथ पीना वैसा ही है जैसे करेला ऊपर से नीम चढ़ा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, पूरी दुनिया में हर साल स्मोकिंग की वजह से 80 लाख से ज्यादा लोगों की समय से पहले मौत हो जाती है। सिगरेट के साथ चाय पीना और ज्यादा बुरा है। चलिए इसके नुकसान आपको बताते हैं।
क्या कहता है बॉडी का साइंस
जब आप गरमा-गरम चाय पीते हैं, तो आपके गले और खाने की नली (Esophagus) की अंदरूनी परत थोड़ी नाज़ुक हो जाती है। गले का वो हिस्सा थोड़ा सेंसिटिव हो जाता है और फिर आप सिगरेट का कश लेते हैं। उसमें मौजूद जहरीले केमिकल्स (जैसे टार और निकोटीन) सीधे उन संवेदनशील हिस्सों से टकराते हैं। सीधे तौर पर सेंसिटिव जगह पर जहर पहुंच गया और बस यही नुकसानदायक होता है। रिसर्च के मुताबिक, सिर्फ स्मोकिंग करने से ज्यादा खतरनाक है चाय के साथ सिगरेट पीना।
चाय-सिगरेट साथ में पीने पर अच्छा क्यों फील होता है
ऑन्कोलॉजिस्ट डॉक्टर सुमित पुरोहित के मुताबिक, चाय में कैफीन होता है, जो अलर्टनेस बढ़ाता है। सिगरेट का निकोटिन इसे और तेज कर देता है। इससे कुछ देर के लिए अच्छा महसूस हो सकता है। इससे दिमाग रिलैक्स फील करता है और ऐसा लगता है जैसे कोई स्ट्रेस नहीं है, लेकिन इससे दिल की धड़कन बढ़ जाती है और ब्लड प्रेशर हाई हो जाता है। अगर आप रोजाना ये साथ में पीते हैं, तो हार्ट कमजोर हो सकता है।
नुकसान भी जान लीजिए
अगर आप रोजाना चाय के साथ सिगरेट पीते हैं, तो ये न सिर्फ आपकी हार्ट हेल्थ के लिए बुरा बल्कि ये कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को भी दावत देता है। इसे पीने पर लगता है कि स्ट्रेस कम हो रहा लेकिन ये लगातार बढ़ता है। इसके अलावा कई साइड इफेक्ट्स हैं, जो आप यहां जान लीजिए-
1- फेफड़ों को नुकसान- सिगरेट का धुआं फेफड़ों में टॉक्सिन्स जमा करता है, जिससे सांस की बीमारी, खांसी और कैंसर का खतरा बढ़ता है।
2- हार्ट डिजीज का रिस्क- चाय के साथ बार-बार सुट्टा पीने से ब्लड प्रेशर और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है।
3- एसिडिटी और पेट की दिक्कतें- खाली पेट चाय-सिगरेट लेने से गैस, एसिडिटी और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
4- लत लगने का खतरा- ऑफिस ब्रेक या दोस्तों के साथ शुरू हुई आदत धीरे-धीरे निकोटिन एडिक्शन में बदल सकती है।
5- मेंटल और फिजिकल थकान- शुरुआत में रिफ्रेश महसूस होता है, लेकिन लंबे समय में शरीर जल्दी थकने लगता है और स्ट्रेस बढ़ सकता है।
चाय-सुट्टा छोड़ने के लिए क्या करें?
- चाय-सुट्टा की लत आप अचानक नहीं छोड़ सकते हैं, इसे धीरे-धीरे कम करने की कोशिश करें।
- सबसे पहले तो अपने ट्रिगर पहचानें, कब या किस समय आपको ज्यादा चाय-सिगरेट की तलब लगती है। उस समय दोस्तों संग बातें करें या किसी काम में खुद को बिजी रखें।
- चाय की जगह आप हेल्दी ड्रिंक्स का ऑप्शन ले सकते हैं। जैसे दूध वाली चाय, ग्रीन टी, नींबू पानी, हर्बल टी या सिर्फ कॉफी।
- सिगरेट की लत छुड़ाने और मुंह बिजी रखने के लिए सौंफ, टॉफी या ड्राई फ्रूट्स का सहारा लें।
- वर्कआउट से भी सिगरेट छुड़ाने में हेल्प मिलेगी। एक्सरसाइज निकोटिन की क्रेविंग कम करने में मदद करती है और मूड बेहतर बनाती है।
- सिगरेट-चाय की आदत एक दिन में नहीं छूटेगी। इसके लिए आपको छोटे-थोटे गोल्स सेट करने होंगे, जैसे आज 3 में से 1 बार सिगरेट कम पीनी है। फिर टारगेट बढ़ाएं। अगर लत नहीं छूट रही है, तो फैमिली-फ्रेंड्स का सपोर्ट लें।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


