Source :- LIVE HINDUSTAN
1 मई से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है तो इसके साथ ही कई नियमों में बदलाव भी किए गए हैं। इन नए नियमों का सीधा असर ग्राहकों पर पड़ने वाला है। आइए डिटेल जान लेते हैं।
नए महीने की शुरुआत हो चुकी है। नए महीने के पहले दिन यानी 1 मई से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में रिकॉर्ड इजाफा हुआ है। इसके साथ ही एलपीजी डिलीवरी समेत कई नियमों में बदलाव हुए हैं। इन नए नियमों का सीधा असर ग्राहकों पर पड़ने वाला है। आइए डिटेल जान लेते हैं।
पीएनजी और LPG एक साथ नहीं
दरअसल, ऊर्जा संकट के बीच बीते मार्च महीने में सरकार ने एलपीजी और पीएनजी के एक साथ इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी। सरकार ने उन घरों को टारगेट किया है जिनके पास एलपीजी और पीएनजी, दोनों कनेक्शन हैं। गलत इस्तेमाल को रोकने और सब्सिडी को बेहतर तरीके से टारगेट करने के लिए दोहरे कनेक्शन पर रोक लगाने के बाद सरकार ने ऐसे घरों की पहचान करना शुरू कर दिया है जिनके पास दोनों कनेक्शन हैं।
जिन घरों में पाइप वाली नेचुरल गैस यानी पीएनजी आती है, उन्हें अपने घरेलू LPG कनेक्शन सरेंडर करने होंगे। अब वे LPG रिफिल या नए कनेक्शन के हकदार नहीं होंगे। तेल कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटरों को भी निर्देश दिया गया है कि वे ऐसे ग्राहकों को एलपीजी सिलडेंर सप्लाई न करें। जानकारी के मुताबिक दोहरे कनेक्शन वाले 43,000 से अधिक ग्राहकों ने अपने LPG कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं।
– किसी भी कंपनी के एलपीजी गैस सिलेंडर ग्राहकों को अब बुकिंग के समय अंतराल, OTP-आधारित डिलीवरी और अनिवार्य KYC अपडेट से जुड़े नए नियमों का पालन करना होगा। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शहरी क्षेत्रों में बुकिंग का समय अंतराल 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन तक कर दिया है।
– सरकार ने कॉमर्शियल एलपीजी की कीमत में शुक्रवार को अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई और 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 993 रुपये की वृद्धि हुई। होटल और रेस्तरां जैसे प्रतिष्ठानों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली 19 किलोग्राम की कॉमर्शियल एलपीजी की कीमत दिल्ली में अब रिकॉर्ड 3,071.5 रुपये हो गई है, जो पहले 2,078.50 रुपये थी। एलपीजी की कीमतों में आखिरी बढ़ोतरी एक अप्रैल को 195.50 रुपये प्रति सिलेंडर की हुई थी। इससे पहले एक मार्च को 19 किलो के सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की वृद्धि हुई थी। तीन बार की बढ़ोतरी में कॉमर्शियल एलपीजी की कीमतों में 1,303 रुपये की वृद्धि हुई है।
-घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाली एलपीजी गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू एलपीजी की कीमतों में आखिरी बार सात मार्च को 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



