Home  लाइफस्टाइल समाचार मटके का पानी कितने दिन में बदलना चाहिए? साफ-सफाई से जुड़ी ये...

मटके का पानी कितने दिन में बदलना चाहिए? साफ-सफाई से जुड़ी ये 5 बातें जरूर जानें!

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अक्सर लोग ये ध्यान ही नहीं देते कि मटके का पानी समय-समय पर बदलना जरूरी होता है। कई दिनों तक अगर आप मटके में लगातार पानी भरते रहें और उसे बिना बदले पीएं, तो पानी की क्वालिटी खराब हो सकती हैं। चलिए जानते हैं कितने दिनों में मटके का पानी बदलना सही रहता है।

गर्मियों के मौसम में मटके का ठंडा पानी अलग ही सुकून देता है। आज भी लोग घर में फ्रिज होने के बावजूद मटके का पानी पीना पसंद करते हैं क्योंकि सेहत के लिए भी इसके कई फायदे हैं। लेकिन अक्सर लोग ये ध्यान ही नहीं देते कि मटके का पानी समय-समय पर बदलना जरूरी होता है। कई दिनों तक अगर आप मटके में लगातार पानी भरते रहें और उसे बिना बदले पीएं, तो पानी की क्वालिटी खराब हो सकती हैं। क्योंकि इसमें कई बार बैक्टीरिया पनपने के चांस भी होते हैं। इसलिए इसके पानी को सही समय पर बदलते रहना और नियमित साफ-सफाई का ध्यान रखना बेहद ही जरूरी है। तो चलिए जानते हैं कितने दिनों में मटके का पानी बदलना सही रहता है।

कितने दिनों में बदल देना चाहिए मटके का पानी?

एक्सपर्ट्स के अनुसार गर्मियों के मौसम में मटके का पानी हर 24 घंटे यानी एक दिन में बदल देना चाहिए। मौसम थोड़ा ठंडा है तो 48 घंटे में एक बार पानी बदल सकते हैं। कुल मिलकर रोजाना मटके में ताजा पानी भरना सबसे सही माना जाता है। इससे पानी ज्यादा फ्रेश और साफ रहता है। तेज गर्मियों में तो पानी को एक दिन से ज्यादा स्टोर बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए, क्योंकि पानी जल्दी खराब होने के चांस रहते हैं।

मटके की सफाई कितने दिनों में करनी चाहिए?

सिर्फ पानी बदलना ही नहीं, मटके की नियमित साफ-सफाई करना भी उतना ही जरूरी है। इसका पानी चेंज करते हुए आप साफ पानी से ही मटके को अच्छी तरह धो सकते हैं, फिर थोड़ा सूखा लें और पानी भरकर रख दें। रोजाना या दो दिनों में एक बार इतनी सफाई काफी है। इसके अलावा हफ्ते में एक बार मटके की डीप क्लीनिंग जरूरी है, ताकि पानी फ्रेश और सेफ बना रहे। यहां बताए गए दो तरीकों से आप मटके को क्लीन कर सकते हैं।

मटके की सफाई करने के तरीके

तरीका 1: बेसन या चावल का आटा इस्तेमाल करें

हफ्ते में एक बार मटके की डीप क्लीनिंग जरूरी है। इसके लिए थोड़ा सा चावल का आटा लें या फिर बेसन, फिर उसे मटके में डालकर थोड़ा सा पानी भरें और रगड़ते हुए मटके की सफाई कर लें। फिर सादे पानी से धो लें, ये एकदम क्लीन हो जाएगा।

तरीका 2: नींबू या सिरके से दूर होगी बदबू

कई बार मटके में अजीब सी बदबू आने लगती है। इसे दूर करने के लिए आप थोड़ा सा नींबू का रस या सफेद सिरका ले कर मटके को अंदर से रगड़कर साफ कर सकते हैं। थोड़ा सा बेकिंग सोडा भी मिला देंगे तो मटका और अच्छी तरह क्लीन हो जाएगा।

सफाई के बाद धूप में जरूर सुखाएं

मटके को डीप क्लीन करने के बाद धूप में जरूर सूखा लें, उसके बाद ही पानी भरें। ऐसा करने से मटके के अंदर की नमी पूरी तरह खत्म हो जाती है, जिससे बैक्टीरिया और फंगस पनपने का खतरा कम हो जाता है। वहीं अगर मटका अंदर से गीला रह जाए, तो उसमें बदबू आने लगती है और पानी भी जल्दी खराब हो सकता है।

मटके का पानी हमेशा ढककर रखें

एक जरूरी बात और ध्यान रखें कि आपको मटका हमेशा ढककर ही रखना है। अगर ये खुला हुआ रह गया तो इसमें धूल-मिट्टी और कीड़े जाने का खतरा रहता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN