Source :- LIVE HINDUSTAN
ईरान युद्ध के बीच ईटली ने इजरायल को बड़ा झटका दिया है। इटली ने इजरायल के साथ अपना महत्वपूर्ण रक्षा समझौता निलंबित कर दिया है। इस समझौते में सैन्य उपकरणों का आदान-प्रदान और रक्षा प्रौद्योगिकी अनुसंधान शामिल है।
ईरान युद्ध के बीच ईटली ने इजरायल को बड़ा झटका दिया है। इटली ने इजरायल के साथ अपना महत्वपूर्ण रक्षा समझौता निलंबित कर दिया है। इस समझौते में सैन्य उपकरणों का आदान-प्रदान और रक्षा प्रौद्योगिकी अनुसंधान शामिल है। प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने मंगलवार को वेरोना में एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। इटली की समाचार एजेंसियों एएनएसए और एजीआई के अनुसार, मेलोनी ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए सरकार ने इजरायल के साथ रक्षा समझौते के स्वतः नवीनीकरण को निलंबित करने का फैसला लिया है।
एक इतालवी राजनयिक सूत्र ने न्यूज एजेंसी एएफपी को पुष्टि करते हुए बताया कि समझौते को निलंबित कर दिया गया है। सूत्र ने कहा कि इसे जारी रखना राजनीतिक रूप से बेहद मुश्किल हो गया था। यह समझौता वर्ष 2006 में इजराइल की मंजूरी के बाद लागू हुआ था और हर पांच वर्ष में इसकी समीक्षा होती थी। इसमें रक्षा उद्योग, सैन्य कर्मियों की शिक्षा-प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं विकास तथा सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग का प्रावधान था।
बता दें कि पिछले दिनों दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव बढ़ गया था। इटली ने इजरायली सेना पर लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों ( UNIFIL ) के इतालवी काफिले पर चेतावनी के तौर पर गोलीबारी का आरोप लगाया था। इस घटना में कम से कम एक वाहन क्षतिग्रस्त हुआ, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। इटली ने विरोध में इजरायल के राजदूत को तलब किया था।
सोमवार को इजराइल ने इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी की टिप्पणियों के जवाब में इटली के राजदूत को तलब किया। ताजानी ने लेबनानी नागरिकों पर इजरायली सेना के ‘अस्वीकार्य हमलों’ की निंदा की थी। वे उस समय बेरूत में लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ औन और विदेश मंत्री यूसुफ रागी से मुलाकात कर रहे थे। बाद में ताजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वे ‘नागरिक आबादी के खिलाफ इजराइल के अस्वीकार्य हमलों’ के बाद इटली की एकजुटता जताने के लिए बेरूत गए थे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



