Home विश्व समाचार US में ही औंधे मुंह गिरे ट्रंप! दो तिहाई लोगों को पसंद...

US में ही औंधे मुंह गिरे ट्रंप! दो तिहाई लोगों को पसंद नहीं स्वभाव-कामकाज; पार्टी भी दो फाड़; सर्वे रिपोर्ट

22
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्वे रिपोर्ट में कहा गया है कि बहुत कम लोग ईरान पर अमेरिकी हमलों या NATO से बाहर निकलने का ट्रंप के फैसले का समर्थन करते हैं। यह रिपोर्ट तब आई है, जब ट्रंप पोप संग विवादों में घिरे हुए हैं और ईरान युद्ध में भी रणनीतिक रूप से पिछड़ रहे हैं। 

Trump’s approval Rating Downs: अमेरिका में हाल ही में किए गए एक सर्वे के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कार्यशैली और स्वभाव को लेकर अमेरिकी नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है। Reuters और Ipsos के संयुक्त सर्वे में यह बात सामने आई है कि वहां बड़ी संख्या में लोग राष्ट्रपति ट्रंप के स्वभाव और निर्णय लेने की क्षमता पर सवाल उठा रहे हैं। सर्वे में कहा गया है कि 62% अमेरिकी ट्रंप के कामकाज से खुश नहीं हैं। इनमें उनकी पार्टी के कुछ रिपब्लिकन भी शामिल हैं, जो उनके स्वभाव पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 36% पर बनी हुई है।

सर्वे में कहा गया है कि बहुत कम अमेरिकी ईरान पर अमेरिकी हमलों या NATO से बाहर निकलने का ट्रंप के फैसले का समर्थन करते हैं। यह सर्वे रिपोर्ट तब आया है, जब ट्रंप पोप संग विवादों में घिरे हुए हैं और ईरान युद्ध में भी वह रणनीतिक रूप से पिछड़ रहे हैं। सर्वे के अनुसार, हाल के दिनों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग उनके कार्यकाल के सबसे निचले स्तर पर बनी हुई है, क्योंकि ईरान युद्ध और पोप लियो के साथ विवाद के बीच कई अमेरिकी उनके स्वभाव से खुश नहीं हैं।

केवल 36% अमेरिकी ट्रंप के काम से खुश

सोमवार को खत्म हुए छह-दिवसीय जनमत सर्वेक्षण से पता चला है कि केवल 36% अमेरिकी ट्रंप के काम करने के तरीके को पसंद करते हैं, जो एक महीने पहले के स्तर पर ही बना हुआ है। ट्रंप को अपने मौजूदा कार्यकाल में सबसे ज़्यादा अप्रूवल रेटिंग (47%) तब मिली थी, जब उन्होंने 20 जनवरी, 2025 को पद की शपथ ली थी। जब 28 फरवरी को उनके प्रशासन और इज़रायल ने ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया, तब से ही ट्रंप पर ये दबाव बना हुआ है। लगभग 36% अमेरिकी ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य हमलों का समर्थन करते हैं, जबकि 10-12 अप्रैल को किए गए सर्वे में यह आंकड़ा 35% था। देश भर में 4,557 अमेरिकी वयस्कों पर ऑनलाइन किए गए इस ताज़ा सर्वे में 2 फीसदी अंकों की त्रुटि की गुंजाइश मानी गई है।

रिपब्लिकन पार्टी के लोग समर्थन पर दो फाड़

सर्वे में पता चला है कि ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के लोग भी ट्रंप को समर्थन देने के मुद्दे पर दो फाड़ हैं। उनकी पार्टी के कुछ सदस्य 79 वर्षीय राष्ट्रपति के स्वभाव और मानसिक स्थिति को लेकर कुछ हद तक चिंतित हैं। सर्वे के मुताबिक, केवल 26% अमेरिकियों का मानना है कि वे ट्रंप को “शांत स्वभाव” वाला मानते हैं। इस सवाल पर रिपब्लिकन बंटे हुए हैं। 53% रिपब्लिकन उन्हें शांत स्वभाव का मानते हैं, जबकि 46% का कहना है कि वे ऐसे नहीं हैं। कुछ लोगों ने इस सवाल का जवाब देने से ही मना कर दिया। वहीं विपक्ष में केवल 7% डेमोक्रेट ही ट्रंप को शांत स्वभाव का मानते हैं।

ट्रंप की बेचैनी कई मौकों पर जगजाहिर हुई है

बता दें कि हाल के दिनों में ट्रंप की बेचैनी कई मौकों पर जगजाहिर हुई है। उन्होंने पिछले दिनों सोशल मीडिया पर ईरान की सभ्यता को मिटा देने की धमकी पोस्ट की थी, और साथ ही ईरान युद्ध की पोप द्वारा की गई आलोचना के बाद, पोप लियो पर अपराध के मामले में कमज़ोर होने का आरोप लगाते हुए उन पर भी हमला बोला था। ट्रंप ने बहुत ही भद्दी भाषा में ईरान के सभी पुलों और पावर प्लांट को तबाह करने की भी धमकी दी है।

जीवनयापन मामले में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 26% रही

इस साल की शुरुआत में उन्होंने अपने सहयोगियों को तब चौंका दिया था, जब उन्होंने ग्रीनलैंड को अमेरिका में मिलाने की अपनी माँग को लेकर NATO सहयोगी डेनमार्क के ख़िलाफ सैन्य बल का इस्तेमाल करने की धमकी दी थी। वाइट हाउस ने इस सर्वे पर टिप्पणी के अनुरोध पर तुरंत कोई जवाब नहीं दिया है। ये सर्वे तब आए हैं, जब ईरान के साथ युद्ध के कारण पेट्रोल की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिसका असर ज़्यादातर अमेरिकियों की निजी आर्थिक स्थिति पर पड़ा है। अमेरिका में जीवन-यापन की लागत को संभालने के मामले में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 26% रही, जो अब तक की उनकी सबसे कम रेटिंग के बराबर है।

सर्वे ट्रंप के लिए एक चेतावनी

इसी तरह, पोल में शामिल केवल 26% लोगों ने कहा कि ईरान में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई, उस पर खर्च किए गए पैसे के लिहाज़ से सही थी। केवल 25% लोगों – जिनमें 6% डेमोक्रेट और 57% रिपब्लिकन शामिल हैं – ने कहा कि उन्हें लगता है कि ईरान पर अमेरिकी हमलों से अमेरिका ज़्यादा सुरक्षित होगा। बहरहाल, ट्रंप के आक्रामक बयानों और नीतियों ने जनता के बीच उनके विश्वास को कमजोर किया है। खासकर ईरान युद्ध और अंतरराष्ट्रीय विवादों ने उनकी छवि को प्रभावित किया है। इस तरह यह सर्वे ट्रंप के लिए एक चेतावनी भी माना जा रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN