Source :- LIVE HINDUSTAN
Petrol Diesel Price Today: आज शनिवार को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई इजाफा नहीं किया है। इससे पहले शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के रेट में 3-3 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी।
Petrol Diesel Price Today: शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया था। सरकारी तेल कंपनियों ने 2022 के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे। हालांकि, आज कीमतें कल के स्तर पर स्थिर हैं। बता दें, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल का रेट 3 रुपये की बढ़ोतरी के बाद 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।
मुंबई से चेन्नई तक क्या है पेट्रोल और डीजल का दाम? (Petrol Diesel Rate in your city)
कोलकाता में पेट्रोल 108.70 रुपये और 3 रुपये की बढ़ोतरी के बाद डीजल का रेट 95.13 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। आर्थिक राजधानी मुंबई में डीजल का रेट 93.14 रुपये और पेट्रोल 106.68 रुपये की दर से बिक रहा है। वहीं, चेन्नई में 103.67 रुपये के हिसाब से पेट्रोल और डीजल 95.25 रुपये में सरकारी तेल कंपनियां बेच रही हैं। बता दें, तेल कंपनियां हर दिन सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी करती हैं।
क्यों बढ़ाना पड़ा पेट्रोल और डीजल का रेट? (Why petrol diesel prices raised)
ईरान-अमेरिका युद्ध की वजह से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज लगभग बंद है। दुनिया की जरूरत का 20 प्रतिशत क्रूड ऑयल इसी रास्ते से गुजरता है। मौजूदा परिस्थितियों की वजह से क्रूड ऑयल की सप्लाई बाधित है। जिसकी वजह से कच्चे तेल का रेट 100 डॉलर प्रति बैरल के पार बिक रहा है। युद्ध शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल का रेट 70 डॉलर प्रति बैरल के पास बना हुआ था। कच्चे तेल की कीमतों में हुई इस तेज उछाल की वजह से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को भारी नुकसान हो रहा था। जिसके बाद से ही कीमतों में बढ़ोतरी की उम्मीद हर कोई करने लगा था।
अभी और बढ़ेंगे पेट्रोल और डीजल के दाम? (petrol diesel price hike news)
पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज से जुड़े एक्सपर्ट्स के अनुसार शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई 3-3 रुपये की बढ़ोतरी नाकाफी है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि तेल कंपनियां पेट्रोल पर 14 रुपये और डीजल पर 42 रुपये का नुकसान उठा रही हैं।
रुपये की बिगड़ती स्थिति ने और दबाव बढ़ाया (Rupee hit record low)
डॉलर के मुकाबले रुपया कल और कमजोर हो गया। कल एक वक्त पर 1 डॉलर की कीमत 96 रुपये से अधिक हो गई थी। भारत जैसे देश जो अपनी जरूरत का बड़ा तेल हिस्सा विदेशों से मंगाते हैं उनके लिए डॉलर का मजबूत होना अतिरिक्त खर्च बढ़ा देता है।
हर दिन 1000 करोड़ रुपये का नुकसान
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि सरकारी तेल कंपनियों को हर दिन करीब 1000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में जारी उछाल के बाद से तेल कंपनियों को 1 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी हुआ इजाफा
पहले सरकार ने प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया था। तभी से संकेत मिल रहे थे कि आने वाले दिनों में सामान्य पेट्रोल और डीजल का रेट भी बढ़ाया जा सकता है।
सरकार ने दी कुछ राहत
पेट्रोल और डीजल की कीमतों को पहले सरकार ने अपने स्तर पर संभालने की कोशिश की। भारत सरकार की तरफ से पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले टैक्स में 10-10 रुपये की कटौती की गई थी। लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हुई। जिसके बाद कीमतों में इजाफा किया गया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



