Source :- LIVE HINDUSTAN
Gold Silver Rate Today: एमसीएक्स पर आज सोना 10000 रुपये से अधिक उछलकर 164497 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। जबकि, चांदी 22299 रुपये प्रति किलो की तूफानी तेजी के साथ 3 लाख रुपये के पार चली गई।
Gold Silver Rate Today 13 May: सोने-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने की खबर के बाद आज दोनों धातुओं के भाव में भारी तेजी दर्ज की जा रही है। एमसीएक्स पर आज सोना 10000 रुपये से अधिक उछलकर 164497 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। जबकि, चांदी 22299 रुपये प्रति किलो की तूफानी तेजी के साथ 3 लाख रुपये के पार चली गई।
बता दें मोदी सरकार ने सोने और चांदी के इंपोर्ट पर रातोंरात 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगा दिया है।इससे प्रभावी इंपोर्ट टैक्स 6% से बढ़कर 15% हो गया है। पीएम मोदी की एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद केंद्र सरकार कीमती धातुओं की विदेशी खरीद पर अंकुश लगाना चाहती है और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करना चाहता है।
भारत का सोने का आयात 24% बढ़ा
भारत अपनी सोने की खपत की जरूरतें ज्यादातर आयात से पूरी करता है। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत का सोने का आयात 24% बढ़कर 71.98 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पिछले एक साल में सोने की कीमतों में तेजी और शेयर बाजार के कमजोर रिटर्न के चलते निवेश वाली मांग बढ़ी है।
इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से आयात पर क्या पड़ेगा असर
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, मार्च तिमाही में भारत के गोल्ड ईटीएफ में सालाना आधार पर 186% की बढ़ोतरी हुई और कुल निवेश 20 मीट्रिक टन के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। उद्योग के अनुमानों के मुताबिक, इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से सोने के आयात में करीब 10-12% की गिरावट आ सकती है। गौरतलब है कि भारत के आभूषणों की मांग का करीब 50% हिस्सा पुराने सोने के आदान-प्रदान और रिसाइक्लिंग से पूरा होता है। यह नए आयात से हटकर फिर से इस्तेमाल की ओर बदलाव दिखाता है।
दूसरी ओर इंटरनेशनल मार्केट में सोने की कीमतें कम हो गईं। यहां सोने की हाजिर कीमत 0.4% गिरकर 4,695.99 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि जून डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोना वायदा 0.4% बढ़कर 4,705.30 डॉलर हो गया। हाजिर चांदी 0.2% बढ़कर 86.71 डॉलर प्रति औंस हो गई।
कहां तक पहुंचेगा सोने-चांदी का भाव
एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, एमसीएक्स पर सोने की कीमतें 1.68 लाख रुपये से 1.70 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक बढ़ सकती हैं, जबकि चांदी की कीमत 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच सकती है।
वहीं, केडिया कमोडिटिज के प्रेसीडेंट अजय केडिया ने बताया कि मेरी उम्मीद नहीं थी कि सरकार गोल्ड-सिल्वर पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाएगी, लेकिन ड्यूटी बढ़ने की वजह से गोल्ड-सिल्वर में यह तेजी आई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



