Source :- LIVE HINDUSTAN
अप्रैल महीने में 15 टन गोल्ड इंपोर्ट का आंकड़ा करीब 30 साल में एक महीने में सबसे कम है। बैंक बुलियन डीलर्स के मुताबिक, भारत ने इस साल अप्रैल में गोल्ड इंपोर्ट्स पर करीब 1.3 बिलियन डॉलर खर्च किए हैं।
भारत का अप्रैल में सोने का आयात करीब 30 साल के निचले स्तर पर पहुंचने वाला है। इस साल अप्रैल महीने में भारत का सोने का आयात गिरकर करीब 15 मीट्रिक टन रह सकता है। इंडस्ट्री और सरकारी सूत्रों ने यह बताया है। उन्होंने बताया कि इसकी वजह यह है कि बैंकों को अप्रत्याशित टैक्स डिमांड का सामना करना पड़ा है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के सेक्रेटरी सुरेंद्र मेहता ने बताया कि इंडियन कस्टम्स सोने पर 3 पर्सेंट इंटीग्रेटेड गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स मांग रहा था, जिसके बाद बैंकों ने गोल्ड के शिपमेंट्स को रोक दिया। भारत के रिफाइन्ड गोल्ड का ज्यादातर हिस्सा बैंक की आयात करते हैं।
3% ड्यूटी से बैंकों को मिली हुई थी छूट
साल 2017 में जब भारत ने आईजीएसटी (IGST) अपनाया तो गोल्ड का आयात करने वाले बैंकों को 3 पर्सेंट ड्यूटी चुकाने से छूट दी गई। लेकिन, सोने के आयात के लिए बैंकों को अधिकृत करने वाला औपचारिक सरकारी आदेश जारी होने में देरी की वजह से बैंकों पर अब टैक्स डिमांड लगाई गई। एक सरकारी अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया, ‘बैंकों ने इस महीने कस्टम्स से कोई गोल्ड क्लीयर नहीं किया है। केवल बहुत थोड़ी मात्रा इंडिया इंटरनेशनल बुलियन एक्सचेंज (IIBX) के जरिए क्लीयर की गई है।’ टैक्स अथॉरिटीज की तरफ से इस बारे में कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है।
दुनिया में सोने का दूसरा बड़ा उपभोक्ता है भारत
भारत, दुनिया में गोल्ड का दूसरा बड़ा कंज्यूमर है। भारत ने अप्रैल 2025 में 35 टन सोने का आयात किया था। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 में एक महीने में औसतन करीब 60 टन का आयात किया गया। अप्रैल महीने में करीब 15 टन गोल्ड आयात का आंकड़ा करीब 30 साल में एक महीने में सबसे कम है। इसमें साल 2020 को शामिल नहीं किया गया है, जब कोविड-19 की वजह से भारतीय ज्वैलर्स को अपनी दुकानें बंद करनी पड़ी। बैंक बुलियन डीलर्स ने बताया कि भारत ने इस साल अप्रैल में गोल्ड इंपोर्ट्स पर करीब 1.3 बिलियन डॉलर खर्च किए, जो कि पिछले वित्त वर्ष के 6 बिलियन डॉलर के मासिक औसत से कहीं नीचे है। अक्षय तृतीया भी इस महीने 19 अप्रैल को थी, जो कि धनतेरस के बाद गोल्ड खरीदने के लिए दूसरा बड़ा फेस्टिवल है।
वॉल्ट्स में पड़ा है करीब 8 टन गोल्ड
मुंबई बेस्ड एक प्राइवेट बैंक में बुलियन डीलर ने बताया, ‘गोल्ड की सप्लाई करने वाले बैंकों ने अक्षय तृतीया के दौरान डिमांड अच्छी रहने की उम्मीद में सोना मंगाया, लेकिन अब यह वॉल्ट्स में पड़ा हुआ है।’ उन्होंने बताया कि वॉल्ट्स में करीब 8 टन गोल्ड पड़ा है। डीलर ने रॉयटर्स को बताया कि बैंक केवल तभी उसे क्लीयर करेंगे, जब कस्टम्स अधिकारी जीएसटी की डिमांड के बिना शिपमेंट्स की इजाजत देते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



