Home विश्व समाचार AI खत्म कर देगा सॉफ्टवेयर बिजनेस, ब्रिजवाटर ने क्यों दी ‘अमेजन मोमेंट’...

AI खत्म कर देगा सॉफ्टवेयर बिजनेस, ब्रिजवाटर ने क्यों दी ‘अमेजन मोमेंट’ वाली चेतावनी?

15
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ब्रिजवाटर के सह-सीआईओ बॉब प्रिंस, ग्रेग जेन्सेन और करेन कार्निओल-टैम्बोर ने सोमवार को जारी एक ग्राहक नोट में लिखा कि क्लाउड कोड की नई रिलीज के साथ AI अब बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों के लिए अस्तित्वगत खतरा बन चुका है।

जब अमेजन ने 1990 के दशक में ऑनलाइन किताबों की बिक्री शुरू की थी, तब कई लोगों का मानना था कि बार्न्स एंड नोबल जैसी पारंपरिक किताबों की दुकानें अब लुप्त हो जाएंगी। उसी घटना को याद दिलाते हुए विश्व के सबसे बड़े हेज फंड ब्रिजवाटर एसोसिएट्स के सह-मुख्य निवेश अधिकारियों ने कहा है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) अब सॉफ्टवेयर उद्योग पर ठीक वैसा ही गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ब्रिजवाटर के सह-सीआईओ बॉब प्रिंस, ग्रेग जेन्सेन और करेन कार्निओल-टैम्बोर ने सोमवार को जारी एक ग्राहक नोट में लिखा कि क्लाउड कोड की नई रिलीज के साथ AI अब बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों के लिए अस्तित्वगत खतरा बन चुका है। हाल में आए उन्नत AI मॉडल्स ने पूरे सेक्टर में हड़कंप मचा दिया है और पारंपरिक सॉफ्टवेयर कंपनियों के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

शेयरों में भारी गिरावट, छंटनी तेज

इस चेतावनी के बीच बाजार में तनाव साफ दिख रहा है। एसएंडपी 500 सॉफ्टवेयर एंड सर्विसेज इंडेक्स इस साल अब तक 16.6 प्रतिशत गिर चुका है। साथ ही छंटनी का सिलसिला भी तेज हो गया है। बड़ी टेक कंपनियों से लेकर वित्तीय सेवाएं देने वाली कंपनियां AI के जरिए लागत बचत का हवाला देते हुए हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही हैं। नोट में कहा गया है कि बाजार अब एप्लिकेशन सॉफ्टवेयर कंपनियों के जोखिम का पुनर्मूल्यांकन कर रहा है। कंपनियों के पास दो ही रास्ते हैं… या तो वे AI के साथ खुद को सह-विकसित (Co-Evolve) करेंगी, वरना व्यवधान (Disruption) का शिकार बनेंगी।

1990 के दशक का सबक

ब्रिजवाटर ने अमेजन-बार्न्स एंड नोबल वाली पुरानी घटना का हवाला देते हुए याद दिलाया कि उस समय भी कई पारंपरिक पुस्तक विक्रेताओं ने अपनी दुकानें बंद कर दी थीं, लेकिन कई कंपनियों ने खुद को अनुकूलित किया। उन्होंने ऑनलाइन उपस्थिति मजबूत की, स्टोर का अनुभव बेहतर बनाया और विशेष किताबों पर फोकस किया। अब सॉफ्टवेयर कंपनियों को भी यही रणनीति अपनानी होगी।

भू-राजनीतिक तनाव बढ़ाएगा अनिश्चितता

ब्रिजवाटर ने आगे चेतावनी दी कि लगातार भू-राजनीतिक उथल-पुथल बाजारों और वस्तुओं (Commodities) को बाधित करती रहेगी। वेनेजुएला, ग्रीनलैंड और ईरान में अमेरिकी कदम अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन में दरारें पैदा कर सकते हैं, जिससे हथियारों और संसाधनों को लेकर वैश्विक होड़ तेज हो सकती है।

ईरान के साथ तनाव के कारण होर्मुज स्ट्रेट से होकर जाने वाला जहाजी परिवहन प्रभावित हुआ है, जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत है। इससे माल ढुलाई रुक गई है, वस्तुओं की कमी बढ़ गई है और मुद्रास्फीति के खतरे फिर से सिर उठा रहे हैं। नोट में कहा गया है कि ईरान में युद्ध की दिशा अभी अत्यधिक अनिश्चित है, लेकिन जो व्यवधान उत्पन्न हो चुका है, वह पर्याप्त है। माल ढुलाई सामान्य होने में काफी समय लगेगा, जिससे वस्तुओं के बाजार में संकट कुछ समय तक बना रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN