Home विश्व समाचार आपने ही तो मंजूरी दी थी, अब… होर्मुज में ईरान की गोलीबारी...

आपने ही तो मंजूरी दी थी, अब… होर्मुज में ईरान की गोलीबारी पर भारतीय जहाज ने क्या कहा था?

41
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान द्वारा वापस लौटने पर मजबूर किए जाने से पहले जहाज ने रेडियो पर ईरानी सेना को संदेश भेजा कि मेरा नाम आपकी लिस्ट में दूसरे नंबर पर है! आपने मुझे आगे बढ़ने की मंजूरी दी थी।

ईरान ने शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे दो भारतीय झंडे लगे जहाजों पर गोलीबारी की। भारत सरकार के एक सूत्र ने बताया कि जिन जहाजों पर हमला हुआ, उनमें से एक की पहचान ‘सैनमार हेराल्ड’ के रूप में हुई है। सूत्र ने बताया कि जहाज पर सवार चालक दल और जहाज, दोनों सुरक्षित हैं। इस दौरान, ईरानी सेना और भारतीय क्रू के बीच हुई रेडियो बातचीत की ऑडियो सामने आई है। इसमें भारतीय जहाज पर मौजूद क्रू कह रहा है कि आपने ही तो मुझे गुजरने की इजाजत दी थी और अब आप ही गोली चला रहे।

ईरान द्वारा वापस लौटने पर मजबूर किए जाने से पहले जहाज ने रेडियो पर ईरानी सेना को संदेश भेजा- ‘’मेरा नाम आपकी लिस्ट में दूसरे नंबर पर है! आपने मुझे आगे बढ़ने की मंजूरी दी थी। और अब आप गोलीबारी कर रहे हैं। मुझे वापस मुड़ने दीजिए।” यह कहने के बाद भारतीय जहाज वापस लौट गया। रेडियो पर हुई यह बातचीत ठीक इसके बाद ही कट गई।

गोलीबारी की घटना के बाद नई दिल्ली ने शनिवार को ईरानी राजदूत को तलब किया और होर्मुज में दो भारतीय झंडे वाले जहाजों से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर विरोध दर्ज कराया। ईरान ने मध्य-पूर्व युद्ध में संघर्ष-विराम के दौरान इस रणनीतिक व्यापार मार्ग को कमर्शियल आवाजाही के लिए फिर से खोलने का अपना वादा वापस ले लिया है। यह कदम उसने इस जलमार्ग पर अमेरिका द्वारा लगाई गई जवाबी नाकेबंदी के विरोध में उठाया है। यह जलमार्ग कच्चे तेल और गैस के लिए एक बेहद अहम रास्ता है।

सुरक्षा पर नजर रखने वालों ने बताया कि शनिवार को जब कई कमर्शियल जहाज इस स्ट्रेट को पार करने की कोशिश कर रहे थे, तो उन्हें ईरानी सेना की ओर से गोलीबारी और धमकियों का सामना करना पड़ा। भारत के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सचिव विक्रम मिस्री ने ईरानी राजदूत को तलब किया और होर्मुज में आज पहले हुई, दो भारतीय झंडे वाले जहाजों से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर भारत की गहरी चिंता से अवगत कराया। बयान में यह भी कहा गया कि नई दिल्ली ने ईरान से आग्रह किया कि वह होर्मुज से होकर भारत आने वाले जहाजों की आवाजाही को सुगम बनाने की प्रक्रिया जल्द से जल्द फिर से शुरू करे। ईरानी राजदूत ने इन विचारों को ईरानी अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN