Home विश्व समाचार दुश्मन पर बिजली की तरह होगा हमला; होर्मुज पर तनातनी के बीच...

दुश्मन पर बिजली की तरह होगा हमला; होर्मुज पर तनातनी के बीच मोजतबा खामेनेई की चेतावनी

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Iran war update: होर्मुज स्ट्रेट पर संकट एक बार फिर से बढ़ गया है। ईरान ने अमेरिका पर वादा खिलाफी का आरोप लगा होर्मुज को फिर से बंद करने का ऐलान किया है। सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने चेतावनी दी है कि ईरान की नौसेना दुश्मनों को करारी शिकस्त देने के लिए तैयार है।

Strait of Hormuz: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष एक बार फिर से बढ़ने की आशंका गहरा गई है। होर्मुज को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच हुई गहमागहमी के बाद अब ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने चेतावनी देते हुए कहा कि ईरानी नौसेना दुश्मनों को एक बार फिर से करारी शिकस्त देने के लिए तैयार है। खामेनेई की यह चेतावनी ऐसे समय में सामने आई है, जब हाल ही में होर्मुज पार कर रहे एक जहाज के ऊपर गोलीबारी की सूचना सामने आई थी।

ईरान के सेना दिवस के अवसर पर ईरानी सुप्रीम लीडर ने एक संदेश जारी किया। इस संदेश में उन्होंने ईरान के दुश्मनों को खुली चेतावनी दी। खामेनेई ने कहा, “ईरान की वीर नौसेना अपने दुश्मनों को एक नई करारी शिकस्त देने के लिए तैयार है।” इसके साथ ही खामेनेई ने अमेरिकी सेना का सामना कर रही इस्लामिक सरकार की सेना की भी तारीफ की।

बता दें, कल ही ईरान की तरफ से होर्मुज को खोलने का ऐलान किया गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड्र ट्रंप ने इसका स्वागत करते हुए धन्यवाद संदेश भी दिया था। लेकिन अगले ही संदेश में ट्रंप ने पूर्वी तरफ जारी अमेरिकी ब्लाकेड को हटाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच में मामला बिगड़ गया। ट्रंप का कहना है कि जब तक ईरान के साथ शांति समझौते पर सहमति नहीं बन जाती है, तब तक अमरेकि ब्लाकेड नहीं हटेगा। वहीं दूसरी तरफ ईरान ने अमेरिका पर वादा तोड़ने का आरोप लगाते हुए होर्मुज को फिर से बंद करने का ऐलान कर दिया।

शनिवार सुबह ईरान के सैन्य कमांड ने कहा कि अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों के खिलाफ लगे अपने ब्लाकेड को हटाने से इनकार कर दिया है। इसकी वजह से अब होर्मुज पर लगा प्रतिबंध भी अपनी पुरानी स्थिति में लौट आया है। इसके बाद ईरानी नौसेना ने होर्मुज पार करने वाले व्यापारिक जहाजों को रेडियो पर संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने होर्मुज को बंद घोषित कर दिया। एक भारतीय जहाज भी होर्मुज से निकलने के लिए आगे बढ़ा था, लेकिन बाद में ईरानी नौसेना के संदेश के बाद उसे यूटर्न लेना पड़ा।

होर्मुज पार करने की कोशिश कर रहे दो जहाजों पर गोलीबारी: रॉयटर्स

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, होर्मुज को पार करने की कोशिश कर रहे दो व्यापारिक जहाजों के ऊपर गोली बारी हुई है। समुद्री ट्रैकर्स ने इससे पहले आठ टैंकरों के एक काफिले को होर्मुज से गुजरते हुए दिखाया था।

ईरान की सेना द्वारा एक बार फिर से होर्मुज को बंद करने के ऐलान के बाद स्ट्रेट को पार करने की कोशिश कर रहे 20 जहाजों को ओमान की ओर भेज दिया गया है। यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने बताया कि उसने ओमान के उत्तर-पूर्व में स्ट्रेट के पास गोलीबारी की घटना दर्ज की है, लेकिन स्काई न्यूज के अनुसार टैंकर और उसके चालक दल सुरक्षित हैं। मरीनट्रैफिक प्लेटफॉर्म के ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, बना हुआ काफिला अब तक तितर-बितर हो गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN