Source :- LIVE HINDUSTAN
गर्मी के मौसम में धूल-पसीने के कारण बाल रूखे और बेजान हो जाते हैं, ऐसे में हेयर स्पा या महंगे ट्रीटमेंट्स लेना ही एकमात्र उपाय लगता है। अगर आप हर महीने पार्लर नहीं जा पाती हैं, तो घर पर ही हेयर मास्क लगाकर बालों को मुलायम, चमकदार बना सकती हैं।
गर्मी के मौसम में बालों का हाल अक्सर खराब हो जाता है। धूल और पसीने की वजह से बाल रूखे, बेजान और चिपचिपे नजर आने लगते हैं। ऐसे में कई महिलाएं पार्लर जाकर महंगे हेयर ट्रीटमेंट्स या हेयर स्पा का सहारा लेती हैं। लेकिन हर महीने हेयर स्पा कराना हर किसी के लिए आसान नहीं होता, कभी बजट की दिक्कत होती है, तो कभी समय की कमी। अगर आप भी बेजान और ड्राई बालों से परेशान हैं और पार्लर नहीं जा पा रही हैं, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। हम आपके लिए एक आसान और किफायती हेयर मास्क लेकर आए हैं। इस हेयर मास्क को बनाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा और सिर्फ 50 रुपये में इसका सारा सामान आसानी से मिल जाएगा। खास बात यह है कि इसे लगाने के बाद आपके बालों को लगभग हेयर स्पा जैसा स्मूद और शाइनी लुक मिलेगा।
कौन सा हेयर मास्क लगाएं?
बालों को स्मूद और शाइनी बनाने के लिए आप कॉफी हेयर मास्क का इस्तेमाल कर सकती हैं। कॉफी में मौजूद कैफीन बालों को नैचुरली सिल्की और सॉफ्ट बनाने में मदद करता है। साथ ही यह बालों की ग्रोथ को बढ़ावा देता है और स्कैल्प को भी साफ व हेल्दी बनाए रखता है।
ये 3 चीजें मिलाएं
2 चम्मच कॉफी पाउडर में 1 ग्लास पानी मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। फिर 10 मिनट तक गैस पर गर्म कर लें। जब कॉफी-पानी खौल जाएं, तब गैस बंद करें और इसे हल्का ठंडा होने दें। फिर इसमें 2 चम्मच चावल का आटा और 1 चम्मच ऑलिव ऑयल मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। बस आपका हेयर मास्क बनकर तैयार हो जाएगा।
लगाने का तरीका
इस हेयर मास्क को बालों में अच्छी तरह लगाएं और मोटे दांत वाली कंघी से हल्के-हल्के बाल सुलझा लें, ताकि मास्क हर हिस्से में बराबर फैल जाए। इसके बाद बालों का जूड़ा बनाकर हेयर कैप पहन लें और 30–45 मिनट तक ऐसे ही रहने दें। तय समय के बाद सल्फेट-फ्री शैंपू से बाल धो लें। चाहें तो शैंपू के बाद कंडीशनर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपके बाल सिल्की, शाइनी और सॉफ्ट बनेंगे, और घर बैठे ही आपको पार्लर जैसा शानदार लुक मिलेगा।
नोट- कॉफी पाउडर बालों के लिए फायदेमंद होता है लेकिन किसी भी तरह की एलर्जी या इरिटेशन होने पर फौरन डॉक्टर से संपर्क करें। इस हेयर मास्क को लगाने से पहले पैच टेस्ट कर लें। कई लोगों का स्कैल्प एरिया सेंसिटिव होता है, उन्हें जलन-खुजली महसूस हो सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



