Source :- LIVE HINDUSTAN
Market Closing bell today 16 April; BSE Sensex और NSE Nifty गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए। बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में कमजोरी ने बाजार पर दबाव बनाया। HDFC बैंक, ICICI बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में जहां गिरावट देखी गई, वहीं कुछ स्टॉक्स इस गिरावट में भी चमक उठे।
Market Closing bell today 16 April; शेयर बाजार ने गुरुवार (16 अप्रैल) को दिन की शुरुआत भले ही बढ़त के साथ की, लेकिन दिन के अंत तक तस्वीर बदल गई और बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। BSE सेंसेक्स (BSE Sensex) 123 अंकों की गिरावट के साथ 77,989 पर बंद हुआ, जबकि NSE निफ्टी 35 अंक फिसलकर 24,197 पर आ गया और 24,200 के नीचे बंद हुआ। HDFC बैंक, ICICI बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में जहां गिरावट देखी गई, वहीं कुछ स्टॉक्स इस गिरावट में भी चमक उठे, तो आइए जरा विस्तार से जानते हैं कि किन-किन स्टॉक्स में तेजी आई और कौन से शेयर गिरावट के साथ बंद हुए?
इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के दिग्गज शेयरों में गिरावट रही। HDFC Bank, ICICI बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) जैसे भारी-भरकम स्टॉक्स ने बाजार पर दबाव बनाया। इसके अलावा भारती एयरटेल (Bharti Airtel) में गिरावट ने भी इंडेक्स को नीचे खींचा। बैंकिंग सेक्टर का प्रमुख इंडेक्स निफ्टी बैंक भी 216 अंक गिरकर 56,086 पर आ गया, जिससे पूरे बाजार पर इसका असर देखने को मिला।
हालांकि, एक दिलचस्प बात यह रही कि जहां बड़े (लार्जकैप) शेयर दबाव में रहे, वहीं मिडकैप और छोटे शेयरों में मजबूती देखने को मिली। मिडकैप इंडेक्स 369 अंक चढ़कर 59,147 पर पहुंच गया और NSE में एडवांस-डिक्लाइन रेशियो 2:1 रहा, जो यह दिखाता है कि बाजार में कुल मिलाकर खरीदारी का रुझान बना हुआ था।
इन शेयरों ने दिखाई दमदारी
कुछ शेयरों ने बाजार की गिरावट के बीच भी अच्छा प्रदर्शन किया। HDB फाइनेंशियल सर्विसेस (HDB Financial Services) के शेयर मजबूत नतीजों के बाद करीब 7% चढ़े, जबकि ICICI लोंबार्ड (ICICI Lombard) में भी करीब 2% की तेजी रही। वहीं, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (Hindalco Industries) ने भी अपनी पिछली तेजी को आगे बढ़ाया। इसके अलावा अडानी पावर, अडानी एनर्जी, हुंडई मोटर, ट्रेंट, वेदांता, टाटा पावर, टाटा कैपिटल, TCS, ITC, DLF, GAIL इंडिया जैसे शेयरों में तेजी देखी गई।
गिरावट के साथ बंद हुए ये स्टॉक
दूसरी ओर कमजोर नतीजों और सेक्टर दबाव के चलते तेजस नेटवर्स (Tejas Networks) के शेयर में लगभग 4% की गिरावट आई। इसके अलावा HDFC लाइफ (HDFC Life), HDFC बैंक, ONGC, टाइटन कंपनी (Titan Company) और अपोलो हॉस्पिटल (Apollo Hospitals) जैसे शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए।
बाजार में यह गिरावट बताती है कि फिलहाल निवेशक बड़े शेयरों में सतर्क हैं, जबकि मिडकैप सेगमेंट में अभी भी भरोसा बना हुआ है। आने वाले दिनों में Q4 नतीजे और ग्लोबल संकेत बाजार की दिशा तय करेंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



