Home राष्ट्रीय समाचार भाई प्रतीक यादव की मौत पर ये बोले अखिलेश यादव, डॉक्टर ने...

भाई प्रतीक यादव की मौत पर ये बोले अखिलेश यादव, डॉक्टर ने क्या बताया?

18
0

Source :- BBC INDIA

प्रतीक यादव

इमेज स्रोत, Facebook/@iamprateekyadav

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की बुधवार को मौत हो गई है.

परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि अचानक तबीयत खराब होने की वजह से प्रतीक यादव को लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल लाया गया था.

प्रतीक यादव भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव के पति थे. वह मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. साधना गुप्ता का निधन साल 2022 में हुआ था.

प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की नेता हैं और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.

प्रतीक यादव व्यवसायी और फिटनेस फ्रीक थे.

अधिकारियों ने बताया कि प्रतीक यादव का शव पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया है.

सिविल अस्पताल के चीफ़ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर देवेश चंद्र पांडेय ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “उन्हें सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर मृत अवस्था में लाया गया था. पुलिस को सूचना दे दी गई. उसके बाद पुलिस ने बॉडी का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. उसके बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा.”

सीएम और अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि

प्रतीक यादव

इमेज स्रोत, Facebook/@iamprateekyadav

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव की मौत पर शोक व्यक्त किया है.

आदित्यनाथ ने एक्स हैंडल पर शोक संदेश में लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं.”

वहीं अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, “श्री प्रतीक यादव का निधन हिला देने वाली ख़बर है. भगवान उन्हें शांति प्रदान करे. विनम्र श्रद्धांजलि.”

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैं प्रतीक को बचपन से जानता था. आज वह हमारे बीच नहीं रहा. हम इस घटना से बेहद दुखी हैं… वह जीवन में आगे बढ़ना और काम करना चाहता था. यह बेहद दुखद है कि आज वह हमारे साथ नहीं है. हम कानून और परिवार के सदस्यों की जो भी बात होगी, उसका पालन करेंगे. हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे.”

उन्होंने कहा, ” कुछ दिन पहले मेरी मुलाकात हुई थी उससे. तब भी मैंने यही कहा था कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो अपने कारोबार को आगे बढ़ाओ. कभी-कभी फाइनेंशियल कारोबार में जो नुकसान होता है उसे कई बार आदमी बहुत टूट जाता है. वह हमारे बीच नहीं है परिवार जो कहेगा वह हम करेंगे.”

समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी अपने एक्स हैंडल पर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS