Source :- LIVE HINDUSTAN
Thick Malai Hack: दूध में मोटी मलाई जमे तो मक्खन और घी भी ज्यादा मात्रा में बनता है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि इसका सीक्रेट दूध उबालने के ही तरीके में छिपा है? चलिए जानते हैं इससे जुड़ी टिप्स।
घर में जमने वाली मोटी और परतदार मलाई का स्वाद ही अलग होता है। बाजार की मलाई या क्रीम से इसकी तुलना नहीं की जा सकती। लेकिन घर में दूध से हर बार मोटी मलाई निकले यह जरूरी नहीं। खासतौर से जब सही तरीका ना पता हो तो, दूध से मलाई ना के बराबर ही निकलती है। दरअसल सारा खेल दूध को सही तरीके से उबालने का है। अगर आप कुछ छोटी छोटी बातों का ध्यान रखकर दूध बॉयल करेंगी तो खुद देखिएगा कैसे दूध में मोटी पराठे जैसी मलाई निकलती है। तो चलिए आज हम आपके साथ कुछ टिप्स शेयर कर रहे हैं, जिन्हें आपको अगली बार से ध्यान में रखना है।
सही दूध चुनना जरूरी है
घर में मलाई तैयार करने के लिए फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करना सबसे सही रहता है। अगर पॉसिबल हो तो बिना पानी मिला हुआ भैंस का दूध लें, क्योंकि इसमें मलाई ज्यादा बनती है। अगर आप डेयरी का दूध ले रहे हैं तो उसे पहले छान लें ताकि उसमें मौजूद कोई भी गंदगी निकल जाए।
सही बर्तन का करें इस्तेमाल
फुल क्रीम दूध लेने के बाद इसे ऐसे बर्तन में डालें जिसमें दूध डालने के बाद भी थोड़ी जगह खाली रहे। ऐसा करने से जब दूध उबलेगा तो बाहर नहीं गिरेगा। अब बर्तन के ऊपरी किनारे पर थोड़ा सा घी लगा दें। इससे अगर दूध उफनता भी है तो बाहर गिरने की संभावना कम हो जाती है।
धीमी आंच पर पकाना है जरूरी
दूध को गैस पर रखें और ध्यान रखें कि आंच हमेशा धीमी ही रहे। तेज आंच पर दूध जल्दी उबल तो जाएगा, लेकिन मलाई अच्छी तरह से ऊपर नहीं आएगी। इसलिए धीरे-धीरे पकाना ही सही तरीका है। बहुत से लोग जैसे ही दूध में उबाल आता है, गैस बंद कर देते हैं। यही सबसे बड़ी गलती होती है। जब दूध उबलने लगे, तब भी उसे 5 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। इससे दूध के अंदर की सारी मलाई ऊपर सतह पर इकट्ठा हो जाएगी।
दूध उबालने के बाद का प्रोसेस
दूध को अच्छी तरह से उबालने के बाद गैस की फ्लेम को बंद कर दे। दूध को गैस से उतार दे और इसे बिना किसी बर्तन से ढके ठंडा होने के लिए रखें। अगर आपके पास कोई जालीदार छलनी है तो दूध को उससे ढक सकते हैं, जिससे दूध की भाप आसानी से बाहर निकल जाए। अब दूध को रूम टेंपरेचर तक आराम से ठंडा होने दें।
फ्रिज में रखना भी जरूरी
जब दूध पूरी तरह ठंडा हो जाए तो उसे फ्रिज में रख दें। ध्यान रखें कि इसे कम से कम 8 से 9 घंटे तक बिना छेड़े फ्रिज में रखा रहने दें। इस दौरान दूध को हिलाएं या चलाएं नहीं, तभी मलाई अच्छी तरह से जम पाएगी।
मलाई निकालने का तरीका
जब दूध पूरी तरह सेट हो जाए, तब उसे फ्रिज से बाहर निकालें। अब मलाई को बाहर निकालने का प्रोसेस पूरा करें। ध्यान रखें कि मलाई को हाथ से निकालने की कोशिश ना करें, क्योंकि इससे वह टूट सकती है। मलाई को बाहर निकालने के लिए सबसे पहले एक चाकू की मदद से किनारों से हल्के-हल्के काटते हुए मलाई को निकालें। इससे आपको एक मोटी और बढ़िया परतदार मलाई मिल जाएगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


