Home  लाइफस्टाइल समाचार गैस और एसिडिटी को न समझें मामूली, साइलेंट किलर ‘फैटी लिवर’ ले...

गैस और एसिडिटी को न समझें मामूली, साइलेंट किलर ‘फैटी लिवर’ ले सकता है आपकी जान

21
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

डॉ. संजीव कुमार झा के अनुसार, फैटी लिवर एक साइलेंट बीमारी है जो बिना लक्षण के लिवर कैंसर का कारण बन सकती है। पुरुषों में 90cm और महिलाओं में 80cm से अधिक पेट का घेरा इसका बड़ा संकेत है। शराब, जंक फूड और रेड मीट से परहेज और नियमित व्यायाम ही इससे बचने का एकमात्र तरीका है।

Health News: अगर आप पेट में गैस, भारीपन या हल्के दर्द को मामूली समझकर नजरअंदाज कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। यह ‘फैटी लिवर’ के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। आईजीआईएमएस (IGIMS) के गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार झा के मुताबिक, फैटी लिवर एक ‘साइलेंट’ यानी बिना लक्षणों वाली बीमारी है, जो धीरे-धीरे लिवर को सड़ा देती है। अगर समय रहते इसका इलाज और जीवनशैली में बदलाव नहीं किया गया, तो यह लिवर सिरोसिस और कैंसर जैसी जानलेवा स्थिति पैदा कर सकता है।

पेट का घेरा बता देगा बीमारी

डॉक्टर के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति का शरीर पतला है लेकिन उसका पेट बाहर निकला हुआ है, तो उसे फैटी लिवर होने की संभावना बहुत अधिक रहती है। उन्होंने इसकी पहचान के लिए एक सटीक पैमाना बताया है, जिसके तहत यदि पुरुषों में पेट का घेरा 90 सेंटीमीटर से अधिक और महिलाओं में 80 सेंटीमीटर से अधिक है, तो लिवर में वसा फैट जमा होने का जोखिम काफी बढ़ जाता है। एक्स्पर्ट्स मानते हैं कि वजन और लंबाई के अनुपात में शरीर के मध्य भाग में बढ़ा हुआ यह फैट लिवर के स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़ा दुश्मन साबित होता है।

डॉ. संजीव ने बताया कि लिवर में जब फैट की मात्रा बढ़ती है, तो सूजन आने लगती है और एसजीपीटी (SGPT) लेवल बढ़ जाता है। इसके बाद लिवर में फाइब्रोसिस यानी घाव बनने शुरू होते हैं। डॉ. झा चेतावनी देते हैं कि अगर इस स्टेज पर भी इलाज न हुआ, तो लिवर पूरी तरह खराब हो जाता है, जिसे लिवर कैंसर या लिवर फेलियर कहा जाता है। पेट में पानी भरना और मुँह से खून आना इसके गंभीर लक्षण हैं।

क्या करें और किनसे बचें?

लिवर को स्वस्थ रखने के लिए विशेषज्ञों ने खान-पान और जीवनशैली में सुधार की सख्त सलाह दी है। इसके तहत जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक, अधिक चीनी और रेड मीट जैसे भारी भोजन से पूरी तरह परहेज करना अनिवार्य है, क्योंकि शराब के साथ-साथ ये चीजें फैटी लिवर का सबसे प्रमुख कारण बनती हैं। साथ ही, शरीर के एक्स्ट्रा फैट को कम करने के लिए रोजाना नियमित व्यायाम करना बेहद जरूरी है। यदि किसी व्यक्ति को बार-बार गैस बनने या पेट फूलने जैसी समस्या महसूस हो रही हो, तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए और आवश्यकतानुसार अल्ट्रासाउंड या लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT) करवाकर स्थिति स्पष्ट कर लेनी चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN