Home विश्व समाचार खुल जाएगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज? बदल रहा ईरान का रुख, अमेरिका को...

खुल जाएगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज? बदल रहा ईरान का रुख, अमेरिका को क्या दिया ऑफर

25
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका के सामने एक नया प्रस्ताव पेश किया है। दोनों पक्षों के बीच जल्द ही दूसरे दौर की बातचीत होने की संभावना है जिससे शांति स्थापित होने की उम्मीदें की जा रही हैं।

अमेरिका और ईरान के बीच हालिया शुरू हुए युद्ध के बाद से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज तनाव के केंद्र में है। दुनिया के इस प्रमुख समुद्री रास्ते से पहले ईरान ने जहाजों की आवाजाही ठप कर दी, और अब अमेरिका ने भी यहां नाकेबंदी शुरू कर दी है। दोनों ही देश होर्मुज पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पूरी दुनिया में ईंधन आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। हालांकि अब ईरान का रुख बदला हुआ नजर आ रहा है। खबर है कि ईरान ने इस रस्ते को लेकर अमेरिका के सामने एक अहम प्रताव रखा है, जिसके तहत वह होर्मुज से जहाजों को सुरक्षित गुजरने की इजाजत दे सकता है।

ईरान ने संकेत दिया है कि वह जहाजों को ओमान वाले हिस्से से सुरक्षित बना सकता जी। ईरान के इस प्रस्ताव को अमेरिका के साथ चल रही बातचीत का हिस्सा बताया जा रहा है। रॉयटर्स ने अपनी एक रिपोर्ट में तेहरान से जुड़े एक सूत्र के हवाले से यह जानकारी दी है।

क्या है प्रस्ताव?

सूत्र ने बताया, “अगर समझौता हो जाता है तो ईरान ओमान की तरफ से जहाजों को बिना किसी हमले के खतरे के गुजरने देने पर विचार कर सकता है।” यह पिछले कुछ हफ्तों में बढ़े तनाव के बाद रुख में संभावित बदलाव माना जा रहा है। हालांकि इस प्रस्ताव को पूरा करने से पहले ईरान ने कुछ शर्तें भी रखी हैं। सूत्र ने कहा, “यह प्रस्ताव इस बात पर टिका है कि क्या अमेरिका तेहरान की मांगों को मानने के लिए तैयार है।” अमेरिकी प्रशासन की तरफ से फिलहाल इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

कई सवाल बाकी

ईरान के इस प्रस्ताव से पहले कई सवालों के जवाब अब भी बाकी हैं। यह साफ नहीं है कि ईरान ने अगर समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाई हैं, तो क्या वह उन्हें हटाएगा या नहीं। यह भी स्पष्ट नहीं है कि क्या सभी जहाजों को, यहां तक कि इजरायल से जुड़े जहाजों को भी, इस रास्ते से गुजरने दिया जाएगा। वहीं दोनों तरफ से बयानबाजी भी जारी है। अमेरिकी नौसेना ने बुधवार को ईरान पर नाकाबंदी लागू करने के लिए बल प्रयोग की चेतावनी दी है। वहीं ईरान ने भी कहा है कि वह अपनी संप्रभुता के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करेगा।

अगले दौर की बातचीत कब?

इन सब के बीच दोनों देशों को बातचीत की मेज पर लाने की कोशिशों में पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को तेहरान पहुंचा। मुनीर उस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें गृह मंत्री मोहसिन नकवी भी शामिल हैं। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बुधवार को सऊदी अरब, कतर और तुर्किये की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए हैं।

इससे पहले, अमेरिका और ईरान के बीच बीते सप्ताह इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता बेनतीजा रही थी। एक अधिकारी ने कहा कि दूसरे दौर की वार्ता आने वाले दिनों में होने की उम्मीद है, जिसके लिए पाकिस्तान पूरा प्रयास कर रहा है। वहीं एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ वार्ता का दूसरा दौर अगले दो दिनों में इस्लामाबाद में आयोजित किया जा सकता है। ट्रंप ने ‘द न्यूयॉर्क पोस्ट’ से बातचीत में कहा था, “आपको वहीं रहना चाहिए, क्योंकि अगले दो दिनों में कुछ भी हो सकता है और हम वहां जाने के लिए इच्छुक हैं।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN