Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/04/14/1200x900/asha_ji_1776129054168_1776129072152.pngआशा भोसले, सुरों की मल्लिका थीं। ऐसे में उनकी विदाई भी सुरों के जरिए ही हुई। अनूप जलोटा और शान ने उनके गाने गाकर उन्हें नम आंखों के साथ इस दुनिया से विदा किया।
सुरों की मल्लिका कही जानें वालीं गायिका आशा भोसले पंचतत्व में विलीन हो गई हैं। उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार की रस्में आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने पूरी कीं। अपनी मां को मुखाग्नि देते हुए आनंद टूट गए। वहीं आशा भोसले की पोती जेनाई अपनी दादी के बिछड़ने के गम में सुध-बुध खो बैठी थीं। बहन उषा मंगेशकर भी अपनी बड़ी बहन को अंतिम बार निहारने श्मशान पहुंचीं, जहां उनकी आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
सुरों के जरिए दी गई आखिरी सलामी
शोक की इस घड़ी में माहौल तब और भी गमगीन हो गया जब सिंगर अनूप जलोटा ने नम आंखों से ‘उड़ जाएगा हंस अकेला’ के स्वर छेड़े। वहीं शान ने उनका प्रसिद्ध गीत ‘प्यार के मोड़ पर’ और ‘अभी न जाओ छोड़कर..’ गुनगुनाकर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि दी।
यहां देखिए आशा भोसले की अंतिम विदाई का इमोशनल वीडियो
सिनेमा जगत में शोक की लहर
आशा ताई को विदा करने आमिर खान, विवेक ओबेरॉय और विकी कौशल भी श्मशान घाट पहुंचे। दोनों कलाकार परिवार के साथ खड़े होकर उन्हें हिम्मत देते नजर आए। संगीतकार अनु मलिक, जो आशा जी को अपनी मां का दर्जा देते थे, इमोशनल नजर आए। इनके अलावा पद्मिनी कोल्हापुरे भी परिवार के साथ आशा भोसले को अंतिम विदाई देती नजर आईं।
इन नेताओं ने भी अर्पित की पुष्पांजलि
राजनीतिक जगत से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज ठाकरे ने भी शिवाजी पार्क पहुंचकर दिग्गज गायिका को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
कैसे हुआ निधन?
जेनाई ने शनिवार के दिन सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया था कि थकान और चेस्ट इन्फेक्शन की वजह से दादी आशा भोसले को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार के दिन गायिका के बेटे ने मीडिया के सामने आकर इस बात की पुष्टि की कि आशा भोसले हम सबको छोड़कर चली गई हैं। वहीं डॉक्टर ने उनके निधन का कारण स्पष्ट किया और बताया कि आशा भोसले की मौत कार्डियाक अरेस्ट की वजह से नहीं, मल्टीपल ऑर्गन फेलियर की वजह से हुई है।
अजब संजोग
आपको पता है, दिवंगत गायिका लता मंगेशकर, जो आशा भोसले की बड़ी बहन थीं, उनका निधन 92 साल की उम्र में मल्टीपल ऑर्गन फेलियर की वजह से रविवार के दिन हुआ था और आशा भोसले की डेथ भी 92 साल की उम्र में मल्टीपल ऑर्गन फेलियर की वजह से रविवार के दिन हुई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


