Source :- LIVE HINDUSTAN
Elon Musk की इंटरनेट सर्विस Starlink को आजमने के लिए भारतीयों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। भारत सरकार इस समय कंपनी में मौजूद आपसी हिस्सेदारी की जांच कर रही है। और यह भी सुनिश्चित कर रही है कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कोई खतरा न बन जाए।
अगर आप भी Elon Musk की सैटेलाइट बेस्ड इंटरनेट सर्विस Starlink का इंतजार बेसब्री से कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए की है। आपको भारत में Starlink के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि एक रिपोर्ट में सामने आया है कि Starlink India को अपने लॉन्च को लेकर एक और मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। यह कंपनी, जो दुनियाभर के करीब 100 से ज्यादा देशों में काम करती है, उसे भारत में अपनी सर्विस शुरू करने के लिए सरकार से मंजूरी मिलने में दिक्कत हो रही है। अब कंपनी को किन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, चलिए एक नजर डालते हैं सामने आई डिटेल्स पर…
सरकार हिस्सेदारी की जांच कर रही है
दरअसल, स्टारलिंक की पेरेंट कंपनी SpaceX इस समय चर्चा का मुख्य केंद्र बनी हुई है। भारत सरकार इस समय कंपनी में मौजूद ‘क्रॉस-होल्डिंग’ (आपसी हिस्सेदारी) की जांच कर रही है। मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए, सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि ऐसी स्थितियों में Starlink भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कोई खतरा न बन जाए। दरअसल, मौजूदा नीति के तहत, भारत सैटेलाइट सर्विसेस में 100 प्रतिशत तक FDI की अनुमति देता है, लेकिन ऑटोमैटिक मंजूरी 74 प्रतिशत तक ही सीमित है; इससे ज्यादा हिस्सेदारी के लिए सरकार की मंजूरी जरूरी होती है। मंजूरी पाने के लिए कंपनियों को क्रॉस-होल्डिंग से जुड़े नियमों का भी पालन करना होगा और उन्हें किसी भारतीय सब्सिडियरी के जरिए ही काम करना होगा।
राष्ट्रीय सुरक्षा का भी चिंता
ET की एक रिपोर्ट के अनुसार, स्टारलिंक द्वारा जमा किए गए प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के प्रस्ताव को सरकार रोक सकती है या उसे खारिज भी कर सकती है। एक सूत्र ने ईटी को बताया, “मूल कंपनी SpaceX में क्रॉस होल्डिंग और कुछ अन्य तकनीकी मापदंडों को लेकर कुछ सवाल हैं।” मामले से परिचित एक अन्य व्यक्ति ने कहा, “सरकार में इस बात को लेकर चिंता है कि Starlink राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी स्थितियों, जैसे युद्ध या अन्य गंभीर घटनाक्रमों में क्या खतरा पैदा कर सकता है। वे किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह आश्वस्त होना चाहते हैं और किसी भी संभावित खतरे को कम करने के लिए नेटवर्क की पूरी तरह से जांच करना चाहते हैं।”
स्टारलिंक को भारत में अभी तक लाइसेंस न मिल पाने की वजह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं हैं। हालांकि, हाल ही में कंपनी के लिए रेगुलेटरी मंजूरियों के मामले में चीजें तेजी से आगे बढ़ती दिख रही थीं, लेकिन अब वे फिर से धीमी पड़ सकती हैं। स्टारलिंक पिछले पांच साल से भी ज्यादा समय से भारत में काम करने के लिए मंजूरी पाने की कोशिश कर रही है, और अब हमें पक्का नहीं पता कि यह मंजूरी असल में कब मिलेगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


