Source :- LIVE HINDUSTAN
DIY Wood Furniture Polish: लकड़ी के फर्नीचर की चमक गायब हो गई है, तो ये 2 सिंपल हैक आपके काफी पैसे बचा सकते हैं। ये सीख गए तो घर के सारे फर्नीचर खुद ही क्लीन कर लेंगे और उनकी नए जैसी शाइन आपको भी हैरान कर देगी।
घर में बेड, सोफा, टेबल और अलमारी तक; ज्यादा फर्नीचर लकड़ी का ही होता है। शुरुआत में तो ये काफी शाइनी लगता है लेकिन समय के साथ लकड़ी की चमक फीकी पड़ने लगती है। धूल-मिट्टी, नमी और रोजाना के इस्तेमाल की वजह से उसपर दाग-धब्बे और रफनेस आ जाती है। अब बार-बार तो फर्नीचर चेंज नहीं कर सकते, फिर एक ही ऑप्शन बचता है; महंगी पॉलिश कराने का। आजकल तो वुडेन फर्नीचर क्लीनिंग प्रोडक्ट्स भी आ गए हैं, जो कई बार काफी महंगे भी होते हैं। आपको इनपर बिल्कुल भी पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि फ्री में घर पर ही आप अपने लकड़ी के फर्नीचर को पॉलिश कर सकते हैं। इस होममेड पॉलिश से आपका पुराना फर्नीचर भी नए जैसे चमक उठेगा। तो चलिए जानते हैं इसे बनाना कैसे है।
ऑलिव ऑयल और विनेगर से बनाएं वुड पॉलिश
लकड़ी के फर्नीचर की नेचुरल शाइन वापस लाने के लिए आप ये सिंपल सा हैक ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में दो चम्मच ऑलिव ऑयल और एक चम्मच व्हाइट विनेगर यानी सफेद सिरके को साथ में मिक्स कर लें। अब एक साफ कपड़े से इसे अपने फर्नीचर पर अप्लाई करें, फिर दूसरे कपड़े से पोंछकर साफ कर दें। सफेद सिरका सारे दाग-धब्बों को दूर करेगा, वहीं ऑलिव ऑयल से आपका फर्नीचर एकदम चमक उठेगा। हफ्ते में एक बार आप घर के सारे फर्नीचर इस पॉलिश से क्लीन कर सकते हैं, बिल्कुल नए जैसा बना रहेगा।
चायपत्ती से बनाएं होममेड फर्नीचर पॉलिश
लड़की के फर्नीचर की शाइन गायब हो गई है तो चायपत्ती के पानी से बनी पॉलिश से वो बिल्कुल नए जैसे हो उठेंगे। इसके लिए पानी में 2-3 चम्मच चायपत्ती डालकर पका लें। जब इसका रंग में उतर जाए तो गैस की फ्लेम बंद कर दें। पानी ठंडा होने पर इसमें दो चम्मच नारियल का तेल या ऑलिव ऑयल और दो चम्मच सफेद सिरका मिलाएं। आपकी वुडेन पॉलिश बनकर तैयार है।
अब इसे अप्लाई करने के लिए सबसे पहले फर्नीचर को अच्छे से पोंछ लें, ताकि सारी धूल-मिट्टी हट जाए। अब एक साफ कपड़े की मदद से इस पॉलिश को फर्नीचर पर अप्लाई कर लें। इसे 10 मिनट के लिए सूखने छोड़ दें, फिर एक सूखे कपड़े से पोंछकर साफ कर लें। पुराने फर्नीचर में भी बिल्कुल नए जैसी चमक देखने को मिलेगी।
फर्नीचर को नया बनाए रखने के लिए फॉलो करें ये टिप्स
हफ्ते दस दिन में आप एक बार इन दोनों में से किसी भी हैक की मदद से फर्नीचर क्लीन कर सकते हैं। इससे उनकी चमक बरकरार रहती है वो जल्दी खराब भी नहीं होते। इसके अलावा बेसिक साफ सफाई का भी ध्यान दें। फर्नीचर पर डेली कपड़ा मारें ताकि धूल मिट्टी ना जमा हो। इन्हें पानी से बचाकर रखना भी जरूरी है। ज्यादा नमी की वजह से फर्नीचर फूल सकते हैं या उनपर दाग भी पड़ सकते हैं। इसके अलावा ध्यान रखें कि फर्नीचर को धूप के सीधा सम्पर्क में ना रखें, इससे भी लकड़ी की चमक फीकी पड़ने लगती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



