Home विश्व समाचार ईरान-अमेरिका में तनातनी के बीच पाक PM से मिले चीनी राजदूत, क्यों...

ईरान-अमेरिका में तनातनी के बीच पाक PM से मिले चीनी राजदूत, क्यों किया शुक्रिया?

11
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान-चीन द्विपक्षीय संबंधों की सकारात्मक प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए दोहराया कि पाकिस्तान को चीन के साथ अपनी सर्वकालिक सहयोगात्मक रणनीतिक साझेदारी पर गर्व है।

पाकिस्तान में नियुक्त चीन के राजदूत जियांग जैदोंग ने आज (गुरुवार, 23 अप्रैल को) प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की और पश्चिम एशिया की स्थिति और अमेरिका-ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए इस्लामाबाद के शांति प्रयासों पर चर्चा की। राजदूत जियांग ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से शिष्टाचार भेंट की। बैठक में उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के अलावा योजना, विकास एवं विशेष पहल मंत्री अहसान इकबाल और सूचना मंत्री अताउल्ला तरार भी उपस्थित थे।

यह बैठक, पाकिस्तान द्वारा तेहरान और वॉशिंगटन को दूसरे दौर की वार्ता के लिए बातचीत की मेज पर लाने के उद्देश्य से किये जा रहे राजनयिक प्रयासों के बीच हुई है। पाक के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, बैठक में पश्चिम एशिया की क्षेत्रीय स्थिति और पाकिस्तान के शांति प्रयासों पर भी चर्चा हुई। बयान के अनुसार, ”चीनी राजदूत ने उनका स्वागत करने के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया और क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए पाकिस्तान के राजनयिक प्रयासों की सराहना की।”

रणनीतिक साझेदारी पर गर्व

राजदूत ने पाकिस्तान के साथ चीन के संबंधों को और प्रगाढ़ करने और राष्ट्रपति शी चिनफिंग की परिकल्पना के अनुसार उन्हें (संबंधों को) नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की चीन की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान-चीन द्विपक्षीय संबंधों की सकारात्मक प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए दोहराया कि पाकिस्तान को चीन के साथ अपनी सर्वकालिक सहयोगात्मक रणनीतिक साझेदारी पर गर्व है। उन्होंने यह भी कहा कि वह चीनी नेतृत्व के साथ घनिष्ठ रूप से काम करना जारी रखेंगे ताकि संबंध और प्रगाढ़ हों। शरीफ ने चीन के राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री ली कियांग को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

अमेरिकी उप राजदूत से मिले पाक HM

दूसरी तरफ, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने अमेरिकी उप राजदूत नताली बेकर से मुलाकात की है और इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर के आयोजन के लिए राजनयिक प्रयासों पर चर्चा की। यह बैठक ईरान और अमेरिका को, संभवतः सप्ताहांत तक बातचीत की मेज पर लाने के उद्देश्य से तेज किए गए राजनयिक प्रयासों के बीच हुई है। गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नकवी और बेकर ने एक ‘महत्वपूर्ण बैठक’ की, जिसमें उन्होंने क्षेत्र की नवीनतम स्थिति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया और दूसरे दौर की प्रस्तावित शांति वार्ता से संबंधित राजनयिक प्रयासों पर चर्चा की।

ट्रंप का कदम सकारात्मक

नकवी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से युद्धविराम बढ़ाने की पहल का स्वागत करते हुए इसे ‘सकारात्मक कदम’ बताया। उन्होंने कहा कि इससे तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। मंत्री ने कहा, ”हम ईरान की ओर से भी सकारात्मक प्रगति की उम्मीद करते हैं।” नकवी और बेकर ने पश्चिम एशिया संघर्ष के स्थायी समाधान के लिए कूटनीतिक माध्यम को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। बयान के अनुसार, नकवी ने बेकर को बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रक्षा बलों के प्रमुख (सीडीएफ) फील्ड मार्शल आसिम मुनीर शांतिपूर्ण समाधान के लिए ”हर स्तर पर पूरी कोशिश” कर रहे हैं। मंत्री ने कहा, ”उम्मीद है कि दोनों पक्ष कूटनीतिक और शांतिपूर्ण समाधान को मौका देंगे।” इस सप्ताह दोनों के बीच यह दूसरी बैठक वार्ता को लेकर अनिश्चितता के बीच हुई। प्रस्तावित वार्ता के लिए इस्लामाबाद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN