Source :- LIVE HINDUSTAN
जोमैटो की कंपनी इटरनल का मुनाफा चौथी तिमाही में 346% बढ़ा है। इटरनल को चौथी तिमाही में 174 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 39 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो और क्विक कॉमर्स फर्म ब्लिंकिट को चलाने वाली कंपनी इटरनल के मुनाफे में जबरदस्त उछाल आया है। इटरनल का कंसॉलिडेटेड मुनाफा चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 346 पर्सेंट बढ़ा है। इटरनल को चौथी तिमाही (मार्च 2026 तिमाही) में 174 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 39 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वहीं, तिमाही आधार पर इटरनल का मुनाफा 70.58 पर्सेंट बढ़ा है। कंपनी को दिसंबर 2025 तिमाही में 102 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था।
196% बढ़ा है कंपनी का रेवेन्यू
जोमैटो (Zomato) को ऑपरेट करने वाली कंपनी इटरनल को ऑपरेशंस से मिलने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर 196 पर्सेंट बढ़कर 17,292 करोड़ रुपये रहा है। एडजस्टेड इबिट्डा सालाना आधार पर 160 पर्सेंट बढ़कर 429 करोड़ रुपये रहा है। वहीं, तिमाही आधार पर इसमें 18 पर्सेंट का उछाल आया है। मार्च तिमाही में बिजनेस-टू-कंज्यूमर सेगमेंट की नेट ऑर्डर वैल्यू सालाना आधार पर 54 पर्सेंट बढ़कर 26,880 करोड़ रुपये रही है।
लगातार तीसरी तिमाही में सुधरी जोमैटो की नेट ऑर्डर वैल्यू
अगर सेगमेंट आधार पर बात करें तो फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो की नेट ऑर्डर वैल्यू लगातार तीसरी तिमाही में सुधरी है। ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू ग्रोथ सालाना आधार पर 22.5 पर्सेंट रही है। मार्जिन के मोर्चे पर चौथी तिमाही में एडजस्टेड इबिट्डा मार्जिन सुधार के साथ 5.5 पर्सेंट पहुंच गया है। फूड डिलीवरी रेवेन्यू सालाना आधार पर 30 पर्सेंट बढ़कर 3125 करोड़ रुपये रहा है।
292% उछल गए हैं कंपनी के शेयर
जोमैटो (Zomato) की पैरेंट कंपनी इटरनल के शेयर पिछले 3 साल में 292 पर्सेंट चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर 28 अप्रैल 2023 को 64.75 रुपये पर थे। इटरनल के शेयर 28 अप्रैल 2026 को 253.80 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले 2 साल में कंपनी के शेयरों में 39 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। हालांकि, पिछले 6 महीने में कंपनी के शेयर 24 पर्सेंट से ज्यादा लुढ़क गए हैं। इटरनल के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 368.40 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 212.55 रुपये है।
IPO में 76 रुपये था कंपनी के शेयर का दाम
आईपीओ में जोमैटो के शेयर का दाम 76 रुपये था। कंपनी का आईपीओ दांव लगाने के लिए 14 जुलाई 2021 को खुला था और यह 16 जुलाई तक ओपन रहा। जोमैटो के पब्लिक इश्यू का टोटल साइज 9375 करोड़ रुपये तक का था। 23 जुलाई 2021 को कंपनी के शेयर 115 रुपये पर लिस्ट हुए थे। लिस्टिंग वाले ही दिन कंपनी के शेयर 125.85 रुपये पर जा पहुंचे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



