Home व्यापार समाचार Stock Market Today Live: मार्केट में रौनक, सेंसेक्स 578 अंकों की बढ़त...

Stock Market Today Live: मार्केट में रौनक, सेंसेक्स 578 अंकों की बढ़त के साथ 77464 पर, ऑटो स्टॉक्स चमके

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Stock Market Today Live 29 April: शेयर मार्केट में तेजी के बीच ऑटो स्टॉक्स ने रफ्तार पकड़ी है। टाटा मोटर्स पीवी भी 3.48 प्रतिशत की उछाल के साथ 363 रुपये पर है। आयशर मोटर्स में करीब 3 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.69 प्रतिशत की तेजी है।

Stock Market Today live 29 April 9:55 AM: शेयर मार्केट तेजी के ट्रैक पर है। सेंसेक्स 578 अंकों की बढ़त के साथ 77464 पर पहुंच गया है। निफ्टी 181 अंक ऊपर 24,176 पर है। निफ्टी टॉप गेनर की लिस्ट में मारुति करीब 5 पर्सेंट की तेजी के साथ 13529 रुपये पर ट्रेड कर रहा है।

Stock Market Today live 29 April 9:15 AM: शेयर मार्केट की शुरुआत आज उम्मीद से ऊपर हुई है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 358 अंकों की बढ़त के साथ 77245 पर खुला। जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले सूचकांक निफ्टी ने तेजी के शतक के साथ बुधवार के कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी 101 अंक ऊपर 24,096 पर खुला।

Stock Market Today live 29 April 8:00 AM: ग्लोबल मार्केट्स से मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी के बुधवार को सपाट खुलने के आसार हैं। एशियाई बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी बाजारों में गिरावट का असर घरेलू बाजार की शुरुआत पर दिख सकता है, हालांकि गिफ्ट निफ्टी हल्के प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है, जो सीमित उतार-चढ़ाव का संकेत देता है।

एशियाई बाजारों में कमजोरी, जापान का बाजार बंद

एशियाई बाजारों में बुधवार को मिलाजुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 0.39% की गिरावट आई, जबकि कोस्डैक ने फ्लैट कारोबार किया। हांगकांग के हैंगसेंग फ्यूचर्स ने हल्की बढ़त का संकेत दिया, वहीं जापान का बाजार अवकाश के चलते बंद रहा।

गिफ्ट निफ्टी टुडे

गिफ्ट निफ्टी 24,089 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से लगभग 20 अंक का प्रीमियम था, जो भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए सपाट शुरुआत का संकेत देता है।

वॉल स्ट्रीट में गिरावट

अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को कमजोरी देखने को मिली। नैस्डैक कंपोजिट को एक महीने की सबसे बड़ी गिरावट का सामना करना पड़ा। जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 25.86 अंक या 0.05% गिरकर 49,141.93 पर आ गया, जबकि एसएंडपी 500 35.11 अंक या 0.49% गिरकर 7,138.80 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 223.30 अंक या 0.90% की गिरावट के साथ 24,663.80 पर बंद हुआ।

अमेरिका-ईरान तनाव और OPEC से UAE का बाहर होना

भू-राजनीतिक मोर्चे पर अमेरिका-ईरान तनाव बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने लंबी नाकेबंदी के संकेत दिए हैं, जिससे ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बढ़ गई है। इसी बीच OPEC से यूएई के बाहर होने की घोषणा ने तेल बाजार को और अस्थिर कर दिया है।

कच्चे तेल, सोना और डॉलर का हाल

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त जारी है। ब्रेंट क्रूड 111 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है, जबकि WTI भी 100 डॉलर के पार है। इससे महंगाई की चिंता बढ़ सकती है। वहीं, सोने और चांदी की कीमतों में हल्की तेजी देखी गई है। हाजिर सोने की कीमत 0.1% बढ़कर 4,598.45 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि जून डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोना वायदा 0.1% बढ़कर 4,612.10 डॉलर हो गया। हाजिर चांदी की कीमत 0.1% बढ़कर 73.12 डॉलर प्रति औंस हो गई। डॉलर इंडेक्स भी मजबूत बना हुआ है।

निवेशकों के लिए रणनीति क्या हो?

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा उतार-चढ़ाव के बीच इंडेक्स की बजाय सेक्टर-आधारित रणनीति बेहतर रह सकती है। ऊर्जा, मेटल, फार्मा और कैपिटल मार्केट से जुड़े शेयरों में मजबूती दिख सकती है। हालांकि निवेशकों को रिस्क मैनेजमेंट पर ध्यान देना चाहिए और बड़े दांव लगाने से बचना चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN