Home  लाइफस्टाइल समाचार Headphone Side Effects: घंटों इस्तेमाल से हो सकता है कान दर्द, ENT...

Headphone Side Effects: घंटों इस्तेमाल से हो सकता है कान दर्द, ENT डॉक्टर से जानें नुकसान और कैसे पाएं राहत

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

लंबे समय तक हेडफोन लगाने से अक्सर कान में दर्द होने लगता है। आजकल काम की वजह हो या फिर रील्स देखनी हो, लोग घंटों तक हेडफोन लगाकर बैठे रहते हैं, इससे कान में दर्द, सुनने की क्षमता का काम होना जैसी परेशानी हो जाती है। ENT डॉक्टर ने इससे राहत पाने का तरीका बताया है।

काम हो या फिर सिर्फ गाने सुनने का मन हो, हम जल्दी से ईयरफोन या हेडफोन लगाकर बैठ जाते हैं और कब घंटों बीत जाते हैं पता नहीं चलता। आजकल रील्स देखते हुए भी लोग घंटों तक हेडफोन लगाकर रखते हैं और फिर इसे हटाने के बाद कानों में भयंकर दर्द महसूस होता है। कान के अलावा सिर में भी दर्द होने लगता है और कई बार ये असहनीय हो जाता है। घंटों तक हेडफोन के इस्तेमाल से कान दर्द के अलावा पर्दे फटने का डर भी रहता है, इसलिए अब लोग इन्हें थोड़े समय के लिए यूज करते हैं।

दरअसल, ईयरफोन या फिर हेडफोन लगाकर गाने सुनने से उसकी आवाज सीधे ईयरड्रम तक जाती है, जिसे कान का पर्दा कहते हैं। ये कानों को काफी नुकसान पहुंचाती है। अगर आप भी घंटों तक ईयरफोन या हेडफोन लगाकर काम करते या गाने सुनते हैं, तो कुछ चीजों का ध्यान रखें। HT लाइफस्टाइल से बात करते हुए ENT डॉक्टर प्रांशू मेहता ने बताया कि इसे घंटों तक लगाने के क्या नुकसान होते हैं और कैसे कान के दर्द से राहत पाने का तरीका।

नुकसान क्या होते हैं

लंबे समय तक ईयरफोन या फिर हेडफोन लगाकर गाने सुनना या फिर काम करते रहने से कान को कई तरह से नुकसान होते हैं। चलिए पहले इससे होने वाले साइड इफेक्ट्स के बारे में आपको बताते हैं-

  • लंबे समय तक हेडफोन लगाने से सिर दर्द परमानेंट हो सकता है। कान में दर्द रहेगा, तो उसका असर सिर पर भी होगा।
  • रबड़ वाले ईयरफोन लगाते हैं, तो ईयर इंफेक्शन का खतरा हो सकता है। इसे लगाने पर रबड़ कान के अंदर रहती है और इससे गंदगी जमा हो जाती है।
  • घंटों तक अगर आप इसे लगाकर रील्स देखते हैं, तो कान में दर्द होने के साथ सूजन भी आ सकती है। अगर हेडफोन की पैडिंग या डिजाइन सही नहीं है और आपके कान में वह सही बैठ नहीं रहे हैं, तो भी ऐसा हो सकता है।
  • सुनने की क्षमता भी इससे कम हो सकती है। तेज आवाज में चीजों को सुनने की आदत पड़ जाती है, फिर साधारण या धीमी आवाजें कम सुनाई देती हैं।

60/60 रूल से करें बचाव

अगर आप भी लंबे समय तक हेडफोन लगाकर गाने सुनते हैं या काम करते हैं और दर्द की समस्या होने लगती है, तो ENT डॉक्टर का बताया 60/60 रूल अपनाएं। चलिए बताते हैं इस रूल से कैसे कान के दर्द से बचाव हो सकता है।

वॉल्यूम रखें धीमा

किसी भी ईयरफोन या हेडफोन को लगाकर जब आप वॉल्यूम बढ़ाते हैं, तो वह एक जगह पर पूछता है कि इससे तेज आवाज करनी है। ऐसे में आपको सेफ वॉल्यूम लेवल चुनना होगा। 60/60 रूल के मुताबिक, आपको वॉल्यूम का लेवल 60% ही रखना है।

60 मिनट वाली लिमिट

अब दूसरे 60 का मतलब है कि अगर आप रील्स या गाने सुनने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं, तो सिर्फ 60 मिनट तक ही इसे लगाएं। फिर निकालकर रख दें। ऐसा करने से कानों में दर्द नहीं होगा और आपकी आदत भी खराब नहीं होगी। 4-5 घंटे की जगह सिर्फ 2 घंटे तक ही इन्हें लगाकर गाने सुनें।

डॉक्टर को कब दिखाएं

अगर आप लगातार हेडफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं और कान में दर्द या अन्य कुछ समस्याएं बनी हुई हैं, तो फौरन डॉक्टर से संपर्क करें। चलिए बताते हैं कौन से लक्षण होने पर ENT से मिलें-

– हर वक्त तेज आवाज का सुनाई देना।

– हमेशा कान में दर्द और उलझन

– कानों में कुछ बजने की आवाज आना

– हेडफोन लगाने के बाद कम सुनाई देना या ऊंचा सुनना

नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN