Home विश्व समाचार इजरायल पर दिन-रात करो हमला, मुइज्जू के बयान पर भड़क गया अमेरिका,...

इजरायल पर दिन-रात करो हमला, मुइज्जू के बयान पर भड़क गया अमेरिका, गोर से मिलने से भी किया था इनकार

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुइज्जू ने मार्च में सर्जियो गोर से मिलने से भी इनकार कर दिया था। इस बारे में पूछे जाने पर भी मुइज्जू ने टका सा जवाब दिया था और कहा था कि उन्हें युद्ध के बारे में कोई चर्चा नहीं करनी है

ईरान युद्ध को लेकर मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के तीखे बयानों से अमेरिका भड़क गया है। अमेरिका ने गुरुवार को इसे लेकर मालदीव से जवाब मांगा है। दरअसल मुइज्जू ने हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर अमेरिका और इजरायल से नाराजगी जताई थी। उन्होंने यह बयान भी दिया है कि वह युद्ध में हमलों के लिए मालदीव की जमीन का इस्तेमाल नहीं होने देंगे। इन बयानों पर ही अमेरिका ने संज्ञान लिया है और मुइज्जू से स्पष्टीकरण मांगा है।

जानकारी के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत सर्जियो गोर और विदेश विभाग की उप सहायक सचिव बेथनी मॉरिसन ने मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशाम एडम से बातचीत की। इस बातचीत के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जिसमें मुइज्जू का बयान भी शामिल था। अमेरिका के दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के ब्यूरो ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मालदीव की विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति के हालिया बयानों पर जवाब दिया। उन्होंने दोहराया कि मालदीव के राष्ट्रपति अमेरिका के साथ सकारात्मक संबंध चाहते हैं। हम भविष्य में सहयोग की उम्मीद करते हैं।”

क्या बोले थे मुइज्जू?

गौरतलब है कि मुइज्जू ने ईरान पर हालिया हमलों को लेकर अमेरिका और इजराइल के खिलाफ आक्रामक बयान दिए थे। उन्होंने कहा था कि जंग जंग तुरंत रुकनी चाहिए। MEMRI की एक रिपोर्ट के मुताबिक 23 मार्च की एक प्रेस ब्रीफिंग में मुइज्जू ने कहा था, “यह जंग तुरंत रुकनी चाहिए। यह हमले नहीं होने चाहिए थे। ईरान को हमले करने हैं तो सीधे इजरायल पर करने चाहिए। इजरायल पर दिन रात हमले होने चाहिए। हम ऐसा ही चाहते हैं।”

ट्रंप के दूत से मिलने से इनकार

वहीं इससे पहले मालदीव के राष्ट्रपति ने मार्च में सर्जियो गोर से मिलने से भी इनकार कर दिया था। ट्रंप के दूत तब मालदीव की राजधानी माले के दौरे पर थे। गोर ने इस दौरान मालदीव के विदेश और रक्षा मंत्रियों से मुलाकात की थी। हालांकि मुइज्जू के साथ उनकी मीटिंग रद्द कर दी गई। इस बारे में पूछे जाने पर भी मुइज्जू ने टका सा जवाब दिया था।

मुइज्जू ने कहा था कि उन्हें युद्ध के बारे में कोई चर्चा नहीं करनी है। एक बयान में उन्होंने कहा, “मुझे यह देखना होगा कि वह किस बारे में बात करना चाहते हैं। अगर यह युद्ध के बारे में है तो मुझे कुछ नहीं कहना। मालदीव की धरती का इस्तेमाल किसी भी युद्ध के लिए नहीं किया जाएगा। यह मैं यह नहीं होने दूंगा।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN