Source :- LIVE HINDUSTAN
1 मई को शेयर बाजार में छुट्टी होने की वजह से वेदांता के शेयर गुरुवार को ही एक्स-डीमर्जर पर कारोबार करेंगे। वेदांता के शेयर बुधवार को BSE में उछाल के साथ 773.25 रुपये पर बंद हुए हैं।
वेदांता लिमिटेड के शेयर गुरुवार को चर्चा में होंगे। वेदांता ने अपने डीमर्जर (कारोबार बांटने) की रिकॉर्ड डेट 1 मई तय की है। लेकिन, 1 मई को शेयर बाजार में छुट्टी होने की वजह से वेदांता के शेयर गुरुवार को ही एक्स-डीमर्जर पर कारोबार करेंगे। वेदांता में गुरुवार को BSE और NSE दोनों एक्सचेंज पर स्पेशल डिस्कवरी सेशन होगा। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि डीमर्जर को एडजस्ट करने के बाद वेदांता के शेयर 250-325 रुपये की रेंज में हो सकते हैं। यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है। वेदांता के शेयर बुधवार को BSE में उछाल के साथ 773.25 रुपये पर बंद हुए हैं।
वेदांता के 1 शेयर पर मिलेंगे 4 और शेयर
डीमर्जर के तहत वेदांता के शेयरधारकों को हर 1 शेयर पर वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड (VAML), तलवंडी साबो पावर लिमिटेड, माल्को एनर्जी और वेदांता आयरन एंड स्टील के 1-1 शेयर मिलेंगे। यानी, वेदांता के 1 शेयर पर 4 और शेयर मिलेंगे। फिलहाल, इन 4 कंपनियों की लिस्टिंग की तारीखों का खुलासा नहीं हुआ है।
सुबह 9:15 से 9:45 तक चलेगा स्पेशल प्री-ओपन सेशन
वेदांता लिमिटेड (Vedanta) के शेयरों में गुरुवार को सुबह 9:15 से 9:45 तक स्पेशल प्री-ओपन सेशन चलेगा। इस सेशन में डीमर्जर के बाद प्राइस एडजस्टमेंट तय होगा। वेदांता के शेयरों में सुबह 10 बजे से रेगुलर ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी। ICICI डायरेक्ट ने एक हालिया रिपोर्ट में कहा है कि स्पेशल प्री-ओपन सेशन के बाद वेदांता के शेयर 300-325 रुपये की रेंज में ट्रेड करेंगे।
वेदांता का मार्केट कैपिटलाइजेशन
एसबीआई सिक्योरिटीज में फंडामेंटल रिसर्च के हेड सनी अग्रवाल ने बताया है कि बाकी बचे बेस मेटल बिजनेस और हिन्दुस्तान जिंक में कंपनी की होल्डिंग की फेयर वैल्यू स्पेशल प्री-ओपन सेशन के बाद 250-290 रुपये प्रति शेयर की रेंज में होगी। उन्होंने बताया, ‘एक्टिव और पैसिव फंड्स में एडजस्टमेंट्स की वजह से अगले कुछ दिनों तक हायर साइड में उतार-चढ़ाव रह सकता है।’ यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है। नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का मानना है कि डीमर्जर के बाद वेदांता लिमिटेड का मार्केट कैप करीब 1.14 लाख करोड़ रुपये रह सकता है। बुधवार को ट्रेडिंग सेशन के आखिर में वेदांता का मार्केट कैप 3 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया था।
चौथी तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही मुनाफा
वेदांता लिमिटेड का कंसॉलिडेटेड मुनाफा चौथी तिमाही में 89 पर्सेंट बढ़ा है। माइनिंग सेक्टर से जुड़ी इस दिग्गज कंपनी को चौथी तिमाही में 9352 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। यह कंपनी का अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही मुनाफा है। मार्च 2026 तिमाही में वेदांता का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 29 पर्सेंट बढ़कर 51,524 करोड़ रुपये रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



