Home विश्व समाचार हैकर ने खाली कर दिया भारत के इस पड़ोसी देश का खाता,...

हैकर ने खाली कर दिया भारत के इस पड़ोसी देश का खाता, सरकार ने स्वीकारा, गलत जगह गए पैसे

23
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

श्रीलंका सरकार ने स्वीकार किया है कि एक लोन की किस्त चुकाने के दौरान हैकर ने उनके पैसे हड़प लिए हैं। वित्त मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि हैकर ने ईमेल के जरिए उनके सिस्टम को हैक किया और जब पेमेंट हुआ, तो यह हैकर के खाते में चला गया।

आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका के लिए एक असहज करने वाली स्थिति पैदा हो गई है। एक समय पर गंभीर आर्थिक संकट से जूझने वाला श्रीलंका अब देशों और संस्थाओं के लोन चुका रहा है। इसी क्रम में एक लोन की किस्त जब श्रीलंकाई वित्त मंत्रालय की तरफ से ट्रांसफर की गई, तो यह एक हैकर के खाते में चली गई। विपक्ष की तरफ से जब इस मुद्दे को उठाया गया, तो सरकार ने सामने आकर इस बात को स्वीकार किया है कि 25 लाख डॉलर की धनराशि किसी हैकर के खाते में पहुंच गई है, जिसे वापस लेने का प्रयास किया जा रहा है।

श्रीलंकाई वित्त मंत्रालय के सचिव हर्षाना सुप्रियाप्पेरुमा ने इस मामले पर ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि वित्त मंत्रालय में ईमेल के माध्यम से हैकिंग की गई थी। सरकार को इसकी जानकारी जनवरी के महीने में ही मिल गई थी। उन्होंने कहा, “हमें जनवरी में ही इस बता का पता चल गया था कि साइबर अपराधी वित्त मंत्रालय के एक्सटर्नल रिसोर्सेज विभाग के सिस्टम में घुसने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में जिन देशों का भुगतान हमें करना है, हमने उनके साथ बात की और इस मुद्दे को सुलझा लिया गया।”

किस देश का था पैसा?

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक श्रीलंकाई सरकार को ऑस्ट्रेलिया से लिए हुए करीब 2.29 करोड़ डॉलर का भुगतान करना है। इसी क्रम में दिसंबर की किस्त का भुगतान किया गया था। 25 लाख डॉलर की यह वह धनराशि थी, जो ऑस्ट्रेलिया के पास न जाकर किसी हैकर के बैंक खाते में चली गई।

इस मामले की जानकारी सबसे पहले श्रीलंकाई विपक्ष ने दी। विपक्षी वकीलों के एक समूह ने संसद के स्पीकर को पत्र लिखकर कहा कि यह आंशिक भुगतान सही ऋणदाता के बजाय हैकर के खाते में चला गया। इस समूह ने स्पीकर से जांच शुरू करने की मांग की, क्योंकि सार्वजनिक वित्त संसद की जिम्मेदारी है। यह मुद्दा संसद की पब्लिक अकाउंट्स कमेटी की कार्यवाही में भी उठाया गया।

इस घटनाक्रम के ऊपर जब लोन देने वाले देश ऑस्ट्रेलिया की राय जानी गई, तो श्रीलंका में मौजूद हाई कमीशन ने जवाब दिया। उन्होंने बताया कि उच्चायोग और ऑस्ट्रेलियाई सरकार को इसकी जानकारी है। सरकार श्रीलंकाई अधिकारियों के साथ मिलकर इसको सही करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN