Source :- LIVE HINDUSTAN
PNB Housing Finance के मजबूत नतीजे और ब्रोकरेज के भरोसे के चलते यह स्टॉक अभी भी ग्रोथ ट्रैक पर है। बेहतर एसेट क्वालिटी, बढ़ती लोन बुक और कॉरपोरेट लेंडिंग की वापसी इसके लिए पॉजिटिव फैक्टर हैं।
पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के शेयरों में मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी का स्टॉक करीब 10% उछलकर ₹1007 के डे हाई पर पहुंच गया। इस तेजी की मुख्य वजह जनवरी-मार्च तिमाही के मजबूत नतीजे रहे, जिसमें कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 19% बढ़कर ₹656 करोड़ हो गया। सुबह कंपनी के शेयर 949.50 रुपये पर खुले और दिन के निचले स्तर 943.90 रुपये को भी टच किया। इसका 52 हफ्ते का हाई 1141.90 रुपये और लो 729.60 रुपये है।
₹8 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान
कंपनी ने नतीजों के साथ ₹8 प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड भी घोषित किया है। इससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है, क्योंकि यह संकेत देता है कि कंपनी की वित्तीय स्थिति स्थिर बनी हुई है।
बिजनेस ग्रोथ और एसेट क्वालिटी में सुधार
तिमाही के दौरान कंपनी के एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) में 13% की बढ़त दर्ज हुई और यह ₹90,921 करोड़ तक पहुंच गया। रिटेल लोन बुक 16 फीसद बढ़कर ₹86,946 करोड़ हो गई। इसके साथ ही, एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला। ग्रॉस एनपीए घटकर 0.93% रह गया, जो पिछले साल 1.08% था। हालांकि नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) में हल्की गिरावट आई और यह 3.69% पर आ गया।
कॉरपोरेट लेंडिंग में वापसी, डिस्बर्समेंट रिकॉर्ड स्तर पर
करीब चार साल के अंतराल के बाद कंपनी ने फिर से कॉरपोरेट लेंडिंग शुरू की है। इस दौरान बिल्डर्स को ₹335 करोड़ का लोन दिया गया। वहीं, रिटेल डिस्बर्समेंट ₹9,020 करोड़ के ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया।
क्या है टार्गेट प्राइस? ब्रोकरेज हाउस क्यों हैं बुलिश?
ग्लोबल ब्रोकरेज मॉर्गन स्टैनली ने इस स्टॉक पर ‘Overweight’ रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,160 का टार्गेट दिया है। घरेलू ब्रोकरेज जेएम फाइनेंशियल और मोतीलाल ओसवाल ने भी ‘Buy’ रेटिंग बनाए रखी है। इनके मुताबिक, बेहतर रिकवरी, मजबूत ग्रोथ और कम क्रेडिट रिस्क इस स्टॉक को आगे सपोर्ट देंगे।
कंपनी के लिए क्या हैं चुनौतियां?
कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है, लेकिन कुछ चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं। ऑपरेटिंग खर्च में बढ़ोतरी और फीस इनकम में कमी से मुनाफे पर थोड़ा दबाव है। इसके अलावा, NIM में हल्की गिरावट भी निवेशकों के लिए एक संकेत है कि आगे मार्जिन पर नजर रखना जरूरी होगा।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



