Home व्यापार समाचार PNB ग्राहकों के लिए अलर्ट, इस तरह के अकाउंट हो रहे हैं...

PNB ग्राहकों के लिए अलर्ट, इस तरह के अकाउंट हो रहे हैं बंद

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पंजाब नेशनल बैंक ने निष्क्रिय खातों को एक्टिव कराने के लिए 15 अप्रैल को अंतिम तारीख तय की थी। जिन ग्राहकों ने अपने खाते को एक्टिव नहीं कराया उनका अकाउंट बंद हो सकता है।

अगर आप पंजाब नेशनल बैंक यानी पीएनबी के ग्राहक हैं तो ये खबर आपके लिए हो सकती है। दरअसल, बीते दिनों पीएनबी ने अपने ग्राहकों के लिए चेतावनी जारी की थी। बैंक ने बताया था कि लंबे समय से निष्क्रिय पड़े खातों को 16 अप्रैल से बंद किया जा सकता है।

15 अप्रैल थी आखिरी तारीख

पंजाब नेशनल बैंक ने निष्क्रिय खातों को एक्टिव कराने के लिए 15 अप्रैल को अंतिम तारीख तय की थी। बैंक ने कहा था कि यदि इस तारीख तक ग्राहक अपने खाते को सक्रिय नहीं करते हैं, तो 16 अप्रैल से ऐसे खातों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। खास बात यह है कि पात्र खातों को बिना किसी अतिरिक्त सूचना के भी बंद किया जा सकता है।

किस तरह के बैंक खाते होंगे बंद?

यह कदम उन खातों के लिए उठाया जा रहा है, जिनमें काफी समय से कोई लेन-देन नहीं हुआ है और जिनका बैलेंस भी शून्य है। पंजाब नेशनल बैंक के मुताबिक जिन बैंक खाते में पिछले तीन वर्षों से कोई ट्रांजैक्शन नहीं हुआ हो या जीरो बैलेंस हो उसे बंद किया जा सकता है। इसके अलावा, उन खातों को भी बंद किया जा सकता है जो निष्क्रिय या डॉर्मेंट घोषित किया जा चुका हो।

बैंक के अनुसार, लंबे समय से निष्क्रिय पड़े खाते धोखाधड़ी और अनधिकृत गतिविधियों के लिए अधिक संवेदनशील होते हैं। इसके साथ ही, ऐसे खातों से बैंक के संचालन में भी अनावश्यक बोझ बढ़ता है। इसलिए समय-समय पर ऐसे खातों की समीक्षा और सफाई करना जरूरी होता है।

कैसे सक्रिय रहेंगे बैंक खाते

पीएनबी के मुताबिक बैंक खाते को सक्रिय रखने के लिए ग्राहकों को अपने नजदीकी बैंक शाखा में जाकर केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। KYC अपडेट करने से खाते की वैधता सुनिश्चित होती है और बैंक के नियमों का पालन भी हो जाता है।

इसके अलावा, ग्राहक यदि कोई छोटा-मोटा ट्रांजैक्शन करते हैं तो भी खाता सक्रिय बना रह सकता है। हालांकि, किसी ग्राहक का खाता बंद हो जाता है तो उसे दोबारा चालू कराने या नया खाता खोलने के लिए अतिरिक्त प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है। इसमें नए दस्तावेज, KYC सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं शामिल हो सकती हैं।

बैंक के तिमाही नतीजे

सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के मार्च तिमाही के नतीजे का इंतजार है। इससे पहले, दिसंबर तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 5,100 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में मुनाफा 4,508 करोड़ रुपये रहा था। कुल आय सालाना आधार पर बढ़कर 37,253 करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 34,752 करोड़ रुपये थी। ब्याज से होने वाली आय भी 31,340 करोड़ रुपये से बढ़कर 32,231 करोड़ रुपये हो गई।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN