Source :- LIVE HINDUSTAN
Layoff: बोनस के मौसम में अमेरिका के छह सबसे बड़े बैंकों में से 4 ने 5000 बैंक कर्मचारियों की नौकरी खा ली। वह भी तब जब बैंकों ने रिकॉर्ड मुनाफा कमाया है। क्या AI छीन रहा है नौकरियां?
अमेरिका के छह सबसे बड़े बैंकों में से 4 ने इस साल की पहली तिमाही में अपने कर्मचारियों पर छंटनी की तलवार चलाया है। सबसे ज्यादा 4,000 बैंक कर्मचारी वेल्स फार्गो में छंटनी के शिकार हुए हैं। यह छंटनी तब हो रही, जब बैंकों ने कुल 47.3 अरब डॉलर का शुद्ध मुनाफा कमाया है। हालांकि, जेपी मॉर्गन चेज एंड कंपनी और मॉर्गन स्टेनली ने अपने स्टाफ में बढ़ोतरी की।
बोनस के मौसम में छंटनी
आमतौर पर बैंक पहली तिमाही में बोनस देने के आसपास स्टाफ में बदलाव करते हैं। हालांकि, किसी भी सीईओ ने सीधे एआई को छंटनी से नहीं जोड़ा, लेकिन इस साल की कटौती पिछले साल की तुलना में कहीं अधिक रही। पिछले साल सभी बैंकों ने मिलाकर केवल 707 कर्मचारी घटाए थे।
क्यों हो रही छंटनी
ब्लूमबर्ग की खबर के मुताबिक कमाई में बढ़ोतरी के बावजूद बैंकों ने पिछले साल की तरह इस साल भी कर्मचारियों की संख्या घटाना जारी रखा। यानी अब जरूरी नहीं कि अच्छा प्रदर्शन करने वाली कंपनियां भी नए लोगों को नहीं जोड़ेंगी, क्योंकि वे एआई में पैसा लगाकर टीम छोटी कर रही हैं।
एआई के कारण लगातार 23 तिमाहियों से घट रहे पद
वेल्स फार्गो के सीईओ चार्ली शार्फ ने कहा, “हम टेक्नोलॉजी और एआई में निवेश बढ़ा रहे हैं। इफिसिएंशी बढ़ाने की वजह से लगातार 23 तिमाहियों से हमारे कर्मचारियों की संख्या घट रही है।” यह सिलसिला पिछले साल से जारी है, जब बड़े बैंकों ने लगभग एक दशक में सबसे ज्यादा छंटनी की थी।
बैंक ऑफ अमेरिका के सीईओ ने क्या कहा
बैंक ऑफ अमेरिका के सीईओ ब्रायन मोयनिहान ने कहा, “एआई हमें नई संभावनाएं दे रहा है। हम अभी शुरुआती चरण में हैं, लेकिन हमें इसके असली फायदे दिखने लगे हैं। एआई के युग ने बैंकर्स और ट्रेडरों में नई बेचैनी पैदा कर दी है।”
सिटीग्रुप में एआई का बड़ा इस्तेमाल
सिटीग्रुप के सीईओ जेन फ्रेजर ने बताया कि कंपनी के 2.24 लाख कर्मचारियों में से 80% से अधिक एआई टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। ट्रेडिंग टीमें हर महीने एआई की मदद से 1,700 घंटे की बचत कर रही हैं। इंजीनियरों ने 30 साल पुराने कोडिंग को मात्र दो दिनों में फिर से तैयार किया।
सरकार ने बैंकों को साइबर खतरों से आगाह किया
इन नतीजों से पहले अमेरिकी अधिकारियों ने बड़े बैंकों के प्रमुखों के साथ बैठक की, जिसमें एंथ्रोपिक के नए एआई मॉडल ‘मिथोस’ से उत्पन्न साइबर खतरों पर चर्चा हुई। बैंक उस मॉडल का परीक्षण कर रहे हैं।
गोल्डमैन सैक्स के सीईओ का भरोसा: ‘एआई से होगा बड़ा बदलाव’
गोल्डमैन सैक्स के सीईओ डेविड सोलोमन ने कहा, “नई टेक्निक के साथ रास्ते में उतार-चढ़ाव आएंगे, लेकिन एआई की ताकत अद्भुत है। यह प्रोसेस को बदलने, दक्षता बढ़ाने और ग्रोथ में निवेश करने की क्षमता देती है। ऐसा कोई सीईओ नहीं है जो इस बारे में बात नहीं कर रहा हो।”
स्नैपचैट ने 16% कर्मचारियों को किया बर्खास्त, एआई को बताया वजह
छंटनी की एक और खबर स्नैपचैट की मूल कंपनी स्नैप से है।। उसने अपने 16% फुलटाइम कर्मचारियों (लगभग 1,000 लोगों) को हटा रही है। कंपनी ने कहा कि एआई की मदद से काम आसान हो गया है और छोटी टीमों से भी काम चलाया जा सकता है। स्नैपचैट में 65% से अधिक नया कोड अब एआई टूल्स से लिखा जा रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



