Source :- LIVE HINDUSTAN
सुजलॉन एनर्जी के शेयर 50 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। जेएम फाइनेंशियल ने सुजलॉन एनर्जी के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज हाउस ने कंपनी के शेयरों के लिए 64 रुपये का टारगेट दिया है।
सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में पिछले कुछ दिनों में जबरदस्त तेजी आई है। सुजलॉन एनर्जी के शेयर 50 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। पिछले 5 दिन में कंपनी के शेयर 12 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। वहीं, इस साल 30 मार्च के बाद से अब तक सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में 27 पर्सेंट से ज्यादा तेजी देखने को मिली है। रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी के शेयर गुरुवार को BSE में 2 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 50.26 रुपये पर बंद हुए हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि मौजूदा लेवल से सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में और तेजी देखने को मिल सकती है।
30% और चढ़ सकते हैं सुजलॉन एनर्जी के शेयर
ब्रोकरेज हाउस जेएम फाइनेंशियल का मानना है कि मौजूदा लेवल से सुजलॉन एनर्जी के शेयर 30 पर्सेंट और उछल सकते हैं। सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में यह उछाल बुधवार को क्लोजिंग लेवल से आ सकता है। कंपनी के शेयर बुधवार को 49.13 रुपये पर बंद हुए थे। घरेलू ब्रोकरेज हाउस जेएम फाइनेंशियल ने रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी सुजलॉन एनर्जी को ईरान-अमेरिका वॉर का ‘अनइंटेंडेड बेनेफिशियरी’ (अचानक से फायदा पाने वाला) बताया है। जेएम फाइनेंशियल ने सुजलॉन एनर्जी पर बाय रेटिंग बनाए रखी है। यानी, कंपनी के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज हाउस ने कंपनी के शेयरों के लिए 64 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
सुजलॉन एनर्जी को कैसे हो सकता है फायदा
ब्रोकरेज हाउस जेएम फाइनेंशियल ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में लिखा है कि अल निनो ईयर में गर्म और उमस से भरी शामों में पीक पावर डिमांड, सोलर ऑवर डिमांड जैसी ही होती है। ऐसे में रात में सप्लाई पर और ज्यादा दबाव होता है, खासकर तब जबकि 80GW सोलर जेनरेशन उपलब्ध न हो। ब्रोकरेज हाउस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, ‘नॉन-सोलर घंटों के दौरान जब पीक डिमांड बढ़ती है तो गैस, हाइड्रो और फ्लेक्सिबल कोल से होने वाला वेरिएबल जेनरेशन, सोलर जेनरेशन लॉस की भरपाई कर देता है।’ ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि मिडिल ईस्ट संकट की वजह से गैस आधारित जेनरेशन 8-10 GW से घटकर सिर्फ 2 गीगावॉट पहुंच गया है। इसके अलावा, इस गर्मी में हाइड्रो एनर्जी में भी बड़ी कमी देखने को मिल सकती है। ऐसी स्थिति में विंड एनर्जी बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है और यह शाम के दौरान भी उपलब्ध होती है। ब्रोकरेज हाउस ने बताया है कि हवा की रफ्तार अक्सर दोपहर बाद, शाम और बिल्कुल सुबह बढ़ जाती है, इस समय सोलर जेनरेशन बहुत कम या जीरो होता है।
5 साल में 1056% चढ़ गए हैं सुजलॉन एनर्जी के शेयर
सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy) के शेयर पिछले पांच साल में 1056 पर्सेंट उछल गए हैं। रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी सुजलॉन एनर्जी के शेयर 16 अप्रैल 2021 को 4.36 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 16 अप्रैल 2026 को 50.26 रुपये पर जा पहुंचे हैं। सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में पिछले 4 साल में 390 पर्सेंट की तेजी आई है। तीन साल में कंपनी के शेयर 534 पर्सेंट उछल गए हैं। सुजलॉन एनर्जी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 74.30 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 38.17 रुपये है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



