Source :- LIVE HINDUSTAN
सीनेटर मुशाहिद हुसैन सैयद ने पाकिस्तानी मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि कल या उससे एक दिन पहले मैं पाकिस्तान नेवी वॉर कॉलेज में था। वहां दो फिलिस्तीनी कैडेट मौजूद थे। हम किसी भी पाकिस्तानी सैन्य संस्थान में जाएं, वहां हमें ऐसे फिलिस्तीनी अधिकारी मिलते हैं जिन्हें यहां ट्रेनिंग दी जा रही है।
पाकिस्तान ने एक बड़ा खुलासा करते हुए स्वीकार किया है कि वह हमास के लड़ाकों को अपनी विभिन्न सैन्य संस्थानों में प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। यह खुलासा पाकिस्तानी सीनेटर मुशाहिद हुसैन ने किया है, जिसके बाद इजरायल और भारत दोनों देशों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त हो गई है। बता दें कि यह खुलासा ऐसे समय हुआ है जब मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है, और इजरायल ने हर हाल में हमास को खत्म करने की कसम खाई है।
मुशाहिद हुसैन ने क्या कहा?
सीनेटर मुशाहिद हुसैन सैयद ने पाकिस्तानी मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि कल या उससे एक दिन पहले मैं पाकिस्तान नेवी वॉर कॉलेज में था। वहां दो फिलिस्तीनी कैडेट मौजूद थे। हम किसी भी पाकिस्तानी सैन्य संस्थान में जाएं, वहां हमें ऐसे फिलिस्तीनी अधिकारी मिलते हैं जिन्हें यहां ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि हाल ही में पाकिस्तान ने हमास के कुछ लड़ाकों को भी स्वीकार किया है और उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान सीनेटर ने यह भी कहा कि गाजा से आए शरणार्थियों, खासकर अनाथ बच्चों को पाकिस्तानी शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप दी गई है।
बता दें कि मुशाहिद हुसैन पाकिस्तान में बहुत बड़ा नाम है। रक्षा और विदेश मामलों की संसदीय समितियों से जुड़े रहे हैं, इसलिए उनका यह बयान काफी महत्वपूर्ण और बड़ा माना जा रहा है। इस खुलासे के बाद पाकिस्तान सरकार, पाकिस्तानी सेना या विदेश मंत्रालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक खंडन नहीं आया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि अभी तक पाकिस्तानी अधिकारियों की चुप्पी इस बात की ओर इशारा कर रही है कि मामला बहुत ही गंभीर है।
अब इजरायल पर है नजर
दूसरी ओर मुशाहिद के बयान के बाद पाकिस्तान के हमास के साथ लंबे समय से चले आ रहे संबंध अब खुलकर सामने आ गए हैं। हालांकि पाकिस्तान औपचारिक रूप से हमास को राजनयिक मान्यता नहीं देता, लेकिन यह पहला मौका है जब पाकिस्तान ने खुल्लम खुल्ला स्वीकार किया कि उसके यहां हमास के लड़ाकों को सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ऐसे में अब ये देखना है कि इस पर इजरायल कैसे रियेक्ट करता है। दूसरी ओर डिफेंस एक्सपर्ट्स का कहना है कि पाकिस्तान द्वारा हमास के लड़ाकों को ट्रेनिंग देना न केवल इजरायल के लिए बल्कि भारत की सुरक्षा के लिए भी नई चुनौतियां पैदा कर सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



