Source :- LIVE HINDUSTAN
लॉन्ग आइलैंड के जल निकायों में एक घातक बैक्टीरिया मिला है जो मनुष्यों और कुत्तों, दोनों की जान ले सकता है। स्टोनी ब्रुक विश्वविद्यालय के एक नए अध्ययन में चेतावनी दी गई है कि विब्रियो वल्निफिकस नामक इस बैक्टीरिया से संक्रमित होने पर 48 घंटे के अंदर 20 प्रतिशत मरीजों की मौत हो सकती है।
लॉन्ग आइलैंड के जलाशयों में एक घातक बैक्टीरिया मिला है जो मनुष्यों और कुत्तों, दोनों की जान ले सकता है। स्टोनी ब्रुक विश्वविद्यालय के एक नए अध्ययन में चेतावनी दी गई है कि विब्रियो वल्निफिकस नामक इस बैक्टीरिया से संक्रमित होने पर 48 घंटे के अंदर 20 प्रतिशत मरीजों की मौत हो सकती है। शोधकर्ताओं ने बताया कि यह बैक्टीरिया शरीर में तेजी से फैलता है और समय पर इलाज न मिलने पर जीवन-घातक जटिलताएं पैदा कर देता है।
अध्ययन की अगुवाई कर रहे प्रोफेसर क्रिस्टोफर गोबलर ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि यह बैक्टीरिया बेहद खतरनाक है, खासकर गर्मियों में जब गर्म पानी इसके तेजी से बढ़ने में मदद करता है। रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (CDC) पहले ही इस बैक्टीरिया को ‘मांस खाने वाला’ जीवाणु बता चुका है। प्रो गोबलर ने कहा कि यह खुले घावों या चोटों के जरिए शरीर में घुसता है। संक्रमित मरीजों में 48 घंटे के अंदर मौत की 20 प्रतिशत संभावना रहती है।
समस्या सिर्फ एक जगह तक सीमित नहीं
यह खतरा केवल कुछ तालाबों तक नहीं है। ईस्ट क्वोग समेत कई इलाकों का पानी बैक्टीरिया से दूषित पाया गया है, जिससे वहां के शंख और सीप खाने भी असुरक्षित हो गए हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कुछ सालों में पानी की स्थिति काफी बिगड़ गई है। एक निवासी ने कहा कि मैं ईस्ट क्वोग में पानी के किनारे रहता हूं। पहले पानी बहुत साफ और उपयोगी था, अब यह देखकर निराशा होती है।
शोधकर्ताओं के अनुसार, सैगापोनाक तालाब, मेकॉक्स खाड़ी और जॉर्जिका तालाब समेत कई जल निकायों में हानिकारक शैवाल का अत्यधिक विकास हो रहा है। ये शैवाल विषैले पदार्थ छोड़ते हैं जो समुद्री जीवों, सीप उद्योग और इंसानों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकते हैं। प्रो गोबलर ने इसका कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि जमीन से समुद्र में जाने वाले नाइट्रोजन का सबसे बड़ा स्रोत ऑनसाइट सेप्टिक सिस्टम हैं। सफोक काउंटी के ज्यादातर इलाकों में सीवरेज सिस्टम नहीं है, जिसकी वजह से यह समस्या बढ़ रही है।
कुत्तों की मौत के भी मामले
यह बैक्टीरिया मूल रूप से मैक्सिको की खाड़ी जैसे गर्म तटीय इलाकों से आया है। इसे पहली बार 2023 में लॉन्ग आइलैंड साउंड में पाया गया था, जहां यह तीन मौतों से जुड़ा पाया गया। अब यह अन्य जल निकायों में भी फैल चुका है। प्रो गोबलर ने चिंता जताते हुए कहा कि लॉन्ग आइलैंड में ऐसे कुत्ते हैं जो सिर्फ झील का पानी पीने से बीमार पड़े और उनकी मौत हो गई। हालांकि 2023 के बाद से कोई नई मौत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि खतरा अभी भी बना हुआ है, खासकर गर्मियों के मौसम में।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



