Home विश्व समाचार समझौता हुआ तो खुद जाऊंगा पाकिस्तान, ट्रंप ने किया ऐलान; आसिम मुनीर...

समझौता हुआ तो खुद जाऊंगा पाकिस्तान, ट्रंप ने किया ऐलान; आसिम मुनीर का फिर किया गुणगान

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इससे पहले पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की वार्ता के लिए जोर लगा रहा है। इस कोशिश में पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख कई अन्य अधिकारियों के साथ ईरान पहुंचे थे। बातचीत इस्लामाबाद में हो सकती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ा दावा करते हुए एक और बड़ी घोषणा की है। ट्रंप ने गुरुवार को कहा है कि अगर युद्ध खत्म करने के लिए ईरान के साथ कोई समझौता होता है और उस पर इस्लामाबाद में दस्तखत होते हैं, तो वह खुद पाकिस्तान जा सकते हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि पाकिस्तान उन्हें बेहद चाहता है और पाक अधिकारी चाहते हैं कि ट्रंप वहां जाए।

ट्रंप ने नेवादा और एरिजोना की यात्रा पर जाते समय, वाइट हाउस के लॉन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि US और ईरान के बीच अगले हफ्ते खत्म होने वाले सीजफायर को आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि ट्रंप ने आगे कहा कि हो सकता है कि उन्हें ऐसा करने की जरूरत न पड़े। ट्रंप ने कहा, “अगर इस्लामाबाद में किसी समझौते पर दस्तखत होते हैं, तो मैं वहां जा सकता हूं।

आसिम मुनीर का किया गुणगान

ट्रंप ने आगे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल प्रमुख आसिम मुनीर की तारीफ भी की। ट्रंप ने कहा, ”फील्ड मार्शल बहुत अच्छे हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी बहुत अच्छे हैं, इसलिए शायद मैं जाऊं। वे मुझे चाहते हैं।” ट्रंप ने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने मध्यस्थ के तौर पर “बहुत शानदार” काम किया है और उसकी भूमिका काफी रचनात्मक रही है।

पाकिस्तान ने लगाया दम

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता पाकिस्तान में कराने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया है। आसिम मुनीर खुद इस काम में लगे हुए हैं और इस सिलसिले में वे बीते बुधवार को तेहरान भी पहुंचे। मुनीर ने यहां ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर कालीबाफ से मुलाकात की है।

इस्लामाबाद वार्ता हुई फेल

बता दें कि इससे पहले बीते सप्ताह दोनों देशों के प्रतिनिधि इस्लामाबाद में बातचीत के लिए जुटे थे, लेकिन कोई समझौता नहीं हो पाया। जहां पिछली बार अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने की थी, वहीं ईरान की ओर से अब्बास अराघची इस्लामाबाद पहुंचे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई जिनमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रोक जैसे मुद्दे शामिल हैं। ईरान इस पर समझौता करने को तैयार नहीं है। हालांकि ट्रंप ने गुरुवार रात बड़ा दावा किया है कि ईरान अपना एनरिच्ड यूरेनियम सौंपने पर सहमत हो गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN