Source :- LIVE HINDUSTAN
एफबीआई (FBI) के निदेशक काश पटेल ने कहा है कि एजेंसी इस संदिग्ध के बारे में हर संभव सुराग और जानकारी जुटा रही है। प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हमलावर की तस्वीरें और विजुअल्स भी जारी किए हैं।
Attack on Donald Trump: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में शनिवार रात लगभग पौने नौ बजे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम में अचानक फायरिंग की घटना हुई। गोलियों की आवाज सुनते ही राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात सीक्रेट सर्विस के जवानों ने मोर्चा संभाला और उन्हें सुरक्षित वहां से बाहर निकाला। इस घटना के बाद प्रेसिडेंट ट्रंप ने मीडिया से बात और घटना की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने खुलासा किया कि हमलावर कैलिफोर्निया का रहने वाला है और उसके पास से कई खतरनाक हथियार बरामद हुए हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि पकड़े गए संदिग्ध का नाम कोल टॉमस एलन है। वह महज 31 साल का युवक है। यह हमलावर कैलिफोर्निया के टॉरेंस का निवासी बताया जा रहा है। ट्रंप के अनुसार, एलन कई हथियारों से लैस था, जिसमें एक शॉटगन और एक हैंडगन शामिल होने की खबरें हैं। हालांकि, सीक्रेट सर्विस की मुस्तैदी के कारण वह मुख्य बॉलरूम के भीतर तबाही मचाने में नाकाम रहा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस घटना को याद करते हुए कहा कि संदिग्ध मंच से काफी दूर खड़ा था, लेकिन वह बहुत तेजी से मंच की तरफ बढ़ रहा था।
ट्रंप ने नए बॉलरूम के निर्माण पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह कोई खास सुरक्षित बिल्डिंग नहीं है।मैं यह कहना नहीं चाहता था, लेकिन इसीलिए वाइट हाउस में हम जो प्लान बना रहे हैं उसकी सभी खूबियां होनी चाहिए। यह ड्रोन प्रूफ है, यह बुलेटप्रूफ ग्लास है। इसीलिए सीक्रेट सर्विस और मिलिट्री इसकी मांग कर रहे हैं।” आपको बता दें कि ट्रंप की योजना पर वहां की अदालत ने रोक लगा दी थी।
एफबीआई (FBI) के निदेशक काश पटेल ने कहा है कि एजेंसी इस संदिग्ध के बारे में हर संभव सुराग और जानकारी जुटा रही है। प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हमलावर की तस्वीरें और विजुअल्स भी जारी किए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप काफी आक्रामक और आत्मविश्वास से भरे नजर आए। उन्होंने बताया कि जब गोलियां चलीं, तो वे वहां से हटना नहीं चाहते थे। ट्रंप ने कहा, “मैंने कार्यक्रम को जारी रखने के लिए पूरी जान लगा दी, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों ने जीवन के बड़े खतरे का हवाला देते हुए इसे रद्द करने का फैसला किया।” ट्रंप ने आगे कहा है कि इस घटना के बाद व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर को दोबारा आयोजित किया जाएगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



