Source :- LIVE HINDUSTAN
पाकिस्तान में एक बार फिर से एक बड़े आतंकवादी की अननोन गनमैन ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी है। इस बार हाफिज सईद का खास और खैबर पख्तूनख्वा में लश्कर ए तैयबा कै चीफ शेख यूसुफ आफरीदी निशाना बना है।
पाकिस्तान में एक बार फिर से ‘अननोन गनमैन’ का ऐक्शन देखने को मिला है। इस बार निशाना आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी बना है। अफरीदी को लश्कर प्रमुक हाफिर सईद का सबसे खास आदमी माना जाता है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा में हमलावरों ने अफरीदी के ऊपर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसकी वजह से उसकी तत्काल ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पाकिस्तान पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शेख यूसुफ अफऱीदी लंबे समय से लश्कर का प्रमुख गुर्गा रहा है। यह खैबर पख्तूनख्वा से मुजाहिद तैयार करने का काम करता था। यहां से इन्हें कश्मीर और अन्य जगह भेजा जाता था। अफरीदी को लश्कर की खैबर पख्तूनख्वा का प्रमुख माना जाता था। उसका लश्कर चीफ हाफिज सईद के साथ भी करीबी नाता है।
स्थानीय मीडिया आउटलेट्स से बात करते हुए पुलिस ने बताया कि इस मामले की हर ऐंगल से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह टारगेट किलिंग का मामला लग रहा है। हालांकि अभी तक इस हत्या की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है।
बता दें, पाकिस्तान में पिछले कुछ समय से अननोन गनमैन लगातार भारत विरोधी तत्वों को उनके कर्मों की सजा देते आ रहे हैं। भारत में ऐसे लोगों को कुछ लोग हीरो के तौर पर देखते हैं। हाल में आई फिल्म धुरंधर की कहानी को देखने के बाद कई लोग इस बात को मानते हैं कि पाकिस्तान में बैठे यह भारतीय खुफिया एजेंसी के एजेंट्स हैं, जो पाकिस्तान की धरती पर भारत के हितों की रक्षा करते हैं। हालांकि इस बारे में भारत सरकार का रुख साफ है कि वह किसी भी देश के संप्रभुता का उल्लंघन नहीं करती है और न ही किसी इंसान की हत्या में शामिल होती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


