Home राष्ट्रीय समाचार तीन बार की चैंपियन केकेआर को मिली पांचवीं हार, क्या प्लेऑफ़ की...

तीन बार की चैंपियन केकेआर को मिली पांचवीं हार, क्या प्लेऑफ़ की राह अब मुश्किल है

12
0

Source :- BBC INDIA

शुभमन गिल और अजिंक्य रहाणे

इमेज स्रोत, ANI

एक घंटा पहले

पढ़ने का समय: 6 मिनट

अहमदाबाद में शुक्रवार को खेले गए आईपीएल मुक़ाबले में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को दो गेंद शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया.

तीन बार की आईपीएल चैंपियन केकेआर टीम का इस सीज़न में बहुत बुरा प्रदर्शन रहा है. उसने छह मैच खेले हैं और इस सीज़न में केकेआर की यह पांचवीं हार है.

केकेआर की हार में गुजरात टाइटंस के स्टार बैट्समैन और टीम के कप्तान शुभमन गिल का अहम योगदान रहा.

उन्होंने 50 गेंदों में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 86 रन बनाए. केकेआर की टीम कगिसो रबाडा (29 रन देकर 3 विकेट) और मोहम्मद सिराज (23 रन देकर दो विकेट) की धारदार गेंदबाज़ी के सामने लड़खड़ाती नज़र आई.

इस टूर्नामेंट में केकेआर को एक भी जीत नहीं मिली है. उसके खाते में एक अंक है, जो पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ खेले जाने वाले मैच के बारिश में रद्द हो जाने की वजह से मिला.

अब ये भी आशंका है कि क्या केकेआर प्लेऑफ़ तक पहुंच पाएगी. हालांकि इस सीज़न में केकेआर के अभी आठ मैच बाक़ी हैं.

केकेआर की कमज़ोरियों को लेकर प्रशंसकों और क्रिकेट प्रेमियों ने सोशल मीडिया पर टिप्पणियां की हैं.

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने एक्स पर लिखा, “इस सीज़न में केकेआर की संभवतः सबसे बड़ी ग़लती थी, आंद्रे रसल को ऑलराउंडर की तरह इस्तेमाल करने की बजाय कोच बनाना. उन्हें केकेआर डगआउट में बिठाना और किसी और फ़्रेंचाइज़ी को उन्हें ख़रीदने न देने का फ़ैसला शायद काम नहीं आया. क्या 25 करोड़ रुपये में बिके कैमरन ग्रीन के मुक़ाबले वो अभी भी एक बेहतरीन ऑलराउंडर नहीं हैं? जवाब सभी को पता है.”

कैमरन ग्रीन पर केकेआर का सारा दारोमदार

केकेआर की ओर से कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला

इमेज स्रोत, ANI

अहमदाबाद मैच में केकेआर की ओर से सर्वाधिक रन कैमरन ग्रीन ने बनाए. उन्होंने 55 गेंदों में सात चौकों और चार छक्के की मदद से 79 रन बनाए.

ग्रीन ने अफ़ग़ानिस्तान के स्पिनर राशिद ख़ान के ख़िलाफ़ आक्रामक खेल दिखाया और उनके ख़िलाफ़ पांच चौके और चार छक्के लगाए, राशिद ने आख़िरी गेंद पर उन्हें कैच आउट करा दिया.

ग्रीन के अलावा केकेआर का कोई और बल्लेबाज़ बहुत नहीं चला. कप्तान अजिंक्य रहाणे शून्य पर आउट हो गए. टिम सेफ़र्ट 19 रन, अंगकृश रघुवंशी 8 रन, रोवमैन पॉवेल 27 रन, अनुकूल रॉय 9 रन, रिंकू सिंह एक रन, रमनदीप सिंह 17 रन, कार्तिक त्यागी छह रन बना पाए जबकि सुनील नरेन और वैभव अरोड़ा शून्य पर आउट हुए.

केकेआर और गुजरात टाइटंस के पावरप्ले में ही अंतर साफ़ नज़र आया. जहां केकेआर ने 3 विकेट खोकर 37 रन जोड़े, वहीं शुभमन गिल ने गुजरात टाइटंस को 1 विकेट पर 71 रन तक पहुंचा दिया.

गिल ने पहले तीन ओवर में ही एक शानदार स्ट्रेट ड्राइव समेत तीन चौके और एक छक्का लगाया.

हालांकि केकेआर को कुछ विकेट ज़रूर मिले, लेकिन रनों की गति को रोक नहीं पाई.

केकेआर की शुरुआत ही ख़राब रही और टीम ने पहले चार ओवर में तीन विकेट गंवा दिए.

गुजरात टाइटंस की ओर से साई सुदर्शन ने 16 गेंदों में 22 रन, जोश बटलर ने 15 गेंदों पर 25 रन, वॉशिंगटन सुंदर ने 13 गेंदों पर 13 रन, ग्लेन फ़िलिप्स ने 16 गेंदों पर 19 रन, राहुल तेवतिया ने नाबाद सात और एम शाहरुख़ ख़ान ने दो गेंदों पर नाबाद तीन रन बनाए.

प्लेऑफ़ तक पहुंच पाएगी केकेआर?

अजिंक्य रहाणे

इमेज स्रोत, ANI

हालांकि केकेआर अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर है और अभी आईपीएल प्लेऑफ़ से बाहर नहीं हुई है क्योंकि उसके आठ मैच अभी बाक़ी हैं.

इस सीज़न की अंक तालिका में पंजाब किंग्स 9 अंकों के साथ शीर्ष पर है, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स 8-8 अंकों के साथ दूसरे और तीसरे पायदान पर हैं. जबकि गुजरात टाइटंस छह अंक के साथ चौथे नंबर पर है.

अंक तालिका में कोलकाता नाइट राइडर्स एक अंक के साथ दसवें पायदान पर है. उसका नेट रन रेट -1.149 है.

अगर टीम अपने आगामी सारे मैच जीतती है तो उसके 17 अंक हो जाएंगे, जो उन्हें प्लेऑफ़ के लिए क्लालिफ़ाई करने के लिए पर्याप्त है. अगर वह 15 अंक भी हासिल कर लेती है तो शीर्ष चार में पहुंच जाएगी.

अगर टीम की हार का सिलसिला बना रहता है या वो कुछ मैच जीत जाती है तो उसका भविष्य बाकी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा.

शुक्रवार को मैच के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कैमरन ग्रीन की पारी की तारीफ़ की और पॉज़िटिव सोच के साथ मैदान में उतरने की बात कही.

उन्होंने कहा, “147 रन पर चार विकेट और वहां से बल्लेबाज़ी यूनिट के लिए लगभग 180 रन बनाना थोड़ा मुश्किल था, लेकिन हमारे सभी गेंदबाज़ों को क्रेडिट जाता है, जिस तरह से उन्होंने गेंदबाज़ी की, खेल को आख़िरी ओवर तक ले गए. सभी ने अच्छा योगदान दिया. जहां तक टीम की बात है मुझे लगता है कि यह सिर्फ मोमेंट में रहने की बात है.”

उनकी बातचीत में थोड़ी निराशा भी झलकी, “जब आपके मनमुताबिक़ चीज़ें नहीं होतीं तब आप बहुत सारी चीज़ें सोचने लगते हैं. मुझे लगता है कि ये मोमेंट में जीने के बारे में है. मैदान पर उतरिए और खेल का आनंद लीजिए.”

शुभमन गिल का प्रदर्शन

शुभमन गिल

इमेज स्रोत, ANI

शुभमन गिल की पारी की सोशल मीडिया पर तारीफ़ हो रही है.

एक एक्स यूज़र जॉन्स ने गिल के स्ट्रेट ड्राईव की क्लीप साझा करते हुए लिखा, “सीधे ड्राइव लगाने वाले कप्तान शुभमन गिल – यह एक आर्ट है, क्या खिलाड़ी है!”

एक अन्य एक्स यूज़र दिलकेश ने लिखा, “गुजरात टाइटंस बनाम केकेआर मैच के दौरान शुभमन गिल और टी20 टीम चयन पर इयान बिशप का कहना है- शुभमन गिल की बल्लेबाज़ी विराट कोहली की याद दिलाती है, शांत लेकिन घातक. वह तीनों प्रारूपों में खेलने वाला धुरंधर है जो आने वाले वर्षों तक क्रिकेट पर राज कर सकता है. वह निश्चित रूप से टी20 टीम में जगह पाने का हकदार है.”

इस सीज़न में शुभमन गिल ने गुजरात टाइटंस की ओर से चार मैच खेले हैं और वो इस सीज़न में अभी तक सर्वाधिक रन बनाने वाले शीर्ष बल्लेबाज़ हैं.

चार इनिंग्स में उन्होंने 62.75 की औसत से कुल 251 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्द्धशतक हैं.

दाहिने हाथ के बल्लेबाज़ गिल ने चार पारियों में कुल 24 चौके और 10 छक्के लगाए.

दिलचस्प है कि गुजरात टाइटंस में शामिल होने से पहले वो 2018 से लेकर 2021 तक केकेआर की टीम का हिस्सा थे.

2020 के आईपीएल सीज़न में वो टॉप स्कोरर (440) रहे. अगले साल 2021 के सीज़न में भी वो 478 रनों के साथ टॉप स्कोरर थे.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित

SOURCE : BBC NEWS