Source :- LIVE HINDUSTAN
किचन के मसाले खाने का स्वाद बढ़ा देते हैं और लगभग हर चीज में हम इनका इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप असली मसाले खा रहे हैं? आजकल मसालों में भी मिलावट हो रही है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक है। शेफ पंकज भदौरिया ने मसालों की पहचान करने के कुछ तरीके बताए हैं।
Tips To Check Kitchen Spices for Adulteration: खाने-पीने की चीजों में मिलावट बिल्कुल आम बात हो चुकी है। पनीर, दूध, फल, सब्जियां और अब किचन के मसाले भी नकली आने लगे हैं। असली समझकर हम जिन मसालों को सब्जी का स्वाद बढ़ाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, वो नकली हो सकते हैं। इन मसालों को खाना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। FSSAI ने लाल मिर्च पाउडर नकली भारी मात्रा में पकड़ी थी, जिसमें लाल रंग का पाउडर मिलाकर बेचा जा रहा था। ऐसे ही हल्दी, जीरा जैसे मसालों की शुद्धता पर कई बार सवाल खड़े हो चुके हैं। क्या आप असली मसाले खा रहे हैं, ये जानने के लिए मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने सिंपल टेस्ट ट्रिक बताई है, जिससे आप मसाले असली है या नकली फौरन पहचान लेंगे।
नकली मसालों में क्या मिलाते हैं?
नकली या मिलावटी मसालों में अक्सर सस्ते, बेकार या कभी-कभी हानिकारक पदार्थ मिलाए जाते हैं ताकि वजन बढ़े, रंग अच्छा लगे या असली जैसा दिखे। आम तौर पर ये चीजें पाई जाती हैं, हल्दी में लेड क्रोमेट, मिर्च पाउडर में सूडान डाई, काली मिर्च में पपीते के बीज और भी कई चीजों से मिलावट की जाती है।
पंकज भदौरिया ने कैसे किया टेस्ट
शेफ पंकज भदौरिया ने किचन के मसालों की शुद्धता की पहचान करने के लिए सिंपल पानी वाला टेस्ट किया है। चलिए बताते हैं उन्होंने ये टेस्ट कैसे किया और क्या पता चलेगा-
- लाल मिर्च पाउडर- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर को एक गिलास पानी में डालें। अगर पाउडर असली है, तो वह पहले पानी की सतह पर तैरेगा और फिर धीरे-धीरे नीचे बैठने लगेगा। वहीं अगर मिर्च पाउडर मिलावटी है, तो वह डालते ही तुरंत नीचे तले में जमा होने लगता है।
- हल्दी पाउडर- हल्दी भी मिलावटी हो रही है, तो इसे भी आप पानी से चेक करें। हल्दी पाउडर पानी में पहले तैरेगा और फिर नीचे बैठेगा, इससे पानी का रंग हल्का पीला रहेगा। नकली हल्दी तुरंत नीचे चली जाएगी और गहरा पीला रंग पानी में दिखेगा।
- जीरा- जीरा में कई अन्य बीज मिलाकर मिलावटी बेचा जा रहा है। असली जीरा को अगर आप हाथ पर रब करेंगे तो वह एकदम क्लीन और साफ रहेंगे। अगर आपके हाथ पर काला पाउडर या जीरा टूटकर आने लगे, तो समझ जाइये ये नकली है।
- काली मिर्च- काली मिर्च में अब पपीते के बीज को मिलाकर बेचा जा रहा है। इससे वजन बढ़ेगा और काली मिर्च जैसी वह दिखेगा। असली काली मिर्च पानी में फौरन नीचे बैठ जाएगी और पपीते के बीज पानी में तैरने लगेंगे।
- हींग- हींग की महक और स्वाद दोनों ही दाल का स्वाद बढ़ा देते हैं। असली हींग जलाने पर जल जाती है। आप माचिस से इसे जलाकर देखें, नकली हींग जलेगी नहीं बल्कि वैसे ही रहेगी। इस तरह से आप असली-नकली हींग की पहचान कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


