Home विश्व समाचार ईरान युद्ध के बीच फिर भिड़ गए पाकिस्तान और अफगानिस्तान, सीमा पर...

ईरान युद्ध के बीच फिर भिड़ गए पाकिस्तान और अफगानिस्तान, सीमा पर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

30
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। पाकिस्तान का आरोप है कि पहले अफगानिस्तान की ओर से बिना उकसावे की फायरिंग की गई थी और उसकी का जवाब दिया गया है। 

ईरान-अमेरिका में जारी युद्ध के बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान एक बार फिर भिड़ गए हैं। पाकिस्तान ने सीमा पर मंगलवार को ताबड़तोड़ फायरिंग की। पाकिस्तान का आरोप है कि पहले अफगानिस्तान की तरफ से बिना उकसावे के फायरिंग की गई थी। पाकिस्तान ने मंगलवार को अफगान तालिबान के कथित बिना उकसावे वाले हमलों और सीमा पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के हमलों का जवाब दिया। एक खबर में यह जानकारी दी गई।

‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ में कुछ दिन के विराम के बाद ये हमले हुए। यह अभियान पाकिस्तान ने 26 फरवरी को अफगान तालिबान द्वारा सीमा चौकियों पर किए गए हमलों के जवाब में शुरू किया था। सुरक्षा सूत्रों का हवाला देते हुए, ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार ने बताया कि पाकिस्तान सेना की जवाबी गोलीबारी में अफगान तालिबान और ‘फितना अल-खवारिज’ को निशाना बनाया गया।

‘फितना अल-खवारिज’ शब्द का इस्तेमाल सरकार द्वारा प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादियों के लिए किया जाता है। सूत्रों ने बताया, ”पाकिस्तान सेना ने चमन सेक्टर में अफगान तालिबान की कई चौकियों को प्रभावी ढंग से निशाना बनाया और नष्ट कर दिया।’

सूत्रों ने कहा कि ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ तब तक जारी रहेगा जब तक इसके सभी निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते। सरकारी मीडिया के अनुसार, 15 अप्रैल को खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर जिले के सीमावर्ती इलाके में अफगान तालिबान बलों की कथित गोलेबारी में दो बच्चों सहित तीन नागरिकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

सोने के खनन को लेकर झड़प, चार की मौत

पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोने के कथित अवैध खनन को लेकर दो विरोधी गुटों के बीच हुई गोलीबारी में कम से कम चार लोग मारे गये तथा कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के नौशेरा जिले के निजामपुर क्षेत्र में सोमवार को हुई। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दो स्थानीय गुटों के बीच झड़प के दौरान गोलीबारी होने की वजह पूरे इलाके में डर और दहशत फैल गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राधिकारियों ने एक गुट के 17 वर्षीय लड़के महरान की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने आगे बताया कि इस हिंसा में दूसरे गुट के तीन सदस्य भी मारे गये, जबकि कम से कम तीन अन्य घायल हो गए। उसके मुताबिक, यह घटना इलाके में सोने की खदान में अवैध खनन के दौरान हुई, जो बाद में दोनों गुटों के बीच एक जानलेवा टकराव में बदल गई। एहतियात के तौर पर मस्जिदों से निवासियों को घरों के अंदर रहने के लिए कहा गया तथा आसपास के विद्यालयों में बच्चों को अंदर ही रखा गया। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN