Home विश्व समाचार ईरान-अमेरिका के बीच आज कितने बजे खत्म होगा सीजफायर, आखिर समय को...

ईरान-अमेरिका के बीच आज कितने बजे खत्म होगा सीजफायर, आखिर समय को लेकर दुविधा क्यों?

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने कहा कि उनका देश अमेरिका के साथ वार्ता में ईरान की भागीदारी पर औपचारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युद्धविराम बुधवार तड़के 4 बजकर 50 मिनट पर समाप्त हो जाएगा।

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर को लेकर भ्रम की स्थिति बनती दिख रही है। खासतौर पर इसकी समाप्ति की समय-सीमा को लेकर, क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तान के अधिकारियों के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे हैं। इस बीच ईरान की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आने से स्थिति और अधिक अनिश्चित हो गई है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के अनुसार, यह युद्धविराम 22 अप्रैल को सुबह 4:50 बजे (पाकिस्तानी समय) समाप्त हो जाएगा।

यह बयान पाकिस्तान के पक्ष को दर्शाता है, जिसमें सीजफायर की अवधि तय और स्पष्ट मानी जा रही है। हालांकि, यही समय-सीमा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार नहीं दिख रही, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है। डोनाल्ड ट्रंप ने इस समय-सीमा को अलग तरीके से बताया। उन्होंने संकेत दिया कि युद्धविराम 22 अप्रैल की बजाय वॉशिंगटन समय के अनुसार शाम तक जारी रह सकता है। इसका मतलब है कि दोनों पक्ष सीजफायर की समाप्ति को अलग-अलग टाइम जोन के आधार पर देख रहे हैं। इस विरोधाभास ने कूटनीतिक स्थिति को और जटिल बना दिया है।

ईरान की चुप्पी से जटिल हुई स्थिति

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम बात यह है कि ईरान की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। ईरान चुप्पी साधे हुए है, जिससे यह समझना मुश्किल हो गया है कि वह किस समय-सीमा को मानता है। क्या तेहरान युद्धविराम को आगे बढ़ाने के पक्ष में है या नहीं? इसी बीच अमेरिका की ओर से यह भी संकेत मिल रहे हैं कि अगर बातचीत सफल नहीं होती है तो सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू हो सकती है।

डोनाल्ड ट्रंप का क्या कहना है?

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अगर तेहरान बुधवार को समाप्त हो रहे 2 सप्ताह के युद्धविराम से पहले अमेरिका के साथ किसी समझौते पर सहमत नहीं होता है, तो वह ईरान पर बमबारी शुरू कर देंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या वह ईरान के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ाएंगे ताकि शांति वार्ता के माध्यम से युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समझौता हो सके, ट्रंप ने कहा, ‘मैं ऐसा नहीं करना चाहता। उन्हें बातचीत करनी है। और, आप जानते हैं कि एक चीज कहना चाहूंगा। ईरान अपनी स्थिति को काफी मजबूत कर सकता है। अगर वे समझौता कर लेते हैं तो वे फिर से एक मजबूत राष्ट्र, एक शानदार राष्ट्र बन सकते हैं।’

समय-सीमा को लेकर अनिश्चितता

पाकिस्तान के सूचना मंत्री तरार ने मंगलवार शाम कहा कि उनका देश अमेरिका के साथ वार्ता के दूसरे दौर में ईरान की भागीदारी के संबंध में अब भी औपचारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युद्धविराम बुधवार तड़के 4 बजकर 50 मिनट पर समाप्त हो रहा है। तरार ने कहा, ‘दो सप्ताह के युद्धविराम की समाप्ति से पहले वार्ता में भाग लेने का ईरान का फैसला अहम है।’ ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि शांति वार्ता में भागीदारी के संबंध में अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। अमेरिका और ईरान के बीच 11 और 12 अप्रैल को हुई पहले की दौर की वार्ता बेनतीजा समाप्त हो गई, वहीं दूसरे दौर को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN