Source :- LIVE HINDUSTAN
Vivo जल्द ही स्मार्टफोन्स में नया ‘Shake and Share’ फीचर लाने वाला है, जिससे यूजर्स सिर्फ फोन हिलाकर फाइल ट्रांसफर कर सकेंगे। इस फीचर के जरिए बिना इंटरनेट, Bluetooth या Wi-Fi के फाइल शेयर करना और आसान हो जाएगा।
Vivo स्मार्टफोन यूजर के लिए अच्छी खबर है क्योंकि अब वीवो यूजर को फाइल ट्रांसफर करने में बिलकुल मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। अब Vivo एक नया और अनोखा फीचर लेकर आने की तैयारी कर रहा है, जिसका नाम है “Shake and Share”। जैसा कि नाम से ही समझ आता है, इस फीचर में आपको सिर्फ अपना फोन हल्का सा हिलाना होगा और फाइल ट्रांसफर शुरू हो जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फीचर फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है और इसे आने वाले अपडेट्स में लॉन्च किया जा सकता है।
यह फीचर खास तौर पर उन यूजर्स के लिए मददगार होगा जो जल्दी और आसान तरीके से फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट शेयर करना चाहते हैं। अगर यह फीचर सही तरीके से काम करता है, तो यह फाइल शेयरिंग का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। आइए जानते हैं इस नए फीचर की पूरी डिटेल। शेक एंड शेयर फीचर फिलहाल केवल वीवो X300 अल्ट्रा और X300 FE के लिए ही उपलब्ध होगा। आपको बता दें कि वीवो X300 FE और वीवो X300 अल्ट्रा भारत में लॉन्च 6 मई, 2026 को पेश किए जाएंगे।
ऐसे काम करेगा यह फीचर
Vivo का “Shake and Share” फीचर काफी स्मार्ट तरीके से काम करने वाला है। इसमें फोन के अंदर मौजूद मोशन सेंसर और वायरलेस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होगा। जब आप अपने फोन को हल्का सा हिलाते हैं, तो फोन यह मूवमेंट पहचान लेता है और आसपास मौजूद दूसरे Vivo डिवाइसेज को सर्च करना शुरू कर देता है। जैसे ही पास में कोई कम्पैटिबल डिवाइस मिलता है, दोनों फोन के बीच एक सिक्योर कनेक्शन बन जाता है। इसके बाद आप जिस फाइल को भेजना चाहते हैं, वह तुरंत ट्रांसफर होने लगती है। इसमें Wi-Fi Direct जैसी तेज टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होगा, जिससे फाइल ट्रांसफर स्पीड भी काफी अच्छी मिलेगी। खास बात यह है कि इसमें लंबा सेटअप या बार-बार कनेक्ट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, पूरा प्रोसेस काफी आसान और फास्ट रहेगा।
Shake and Share फीचर के फायदे
इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि फाइल शेयर करना बेहद आसान और झंझट-फ्री हो जाएगा। Vivo यूजर्स को अब Bluetooth ऑन करने, ऐप डाउनलोड करने या बार-बार पेयरिंग करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस फोन हिलाइए और फाइल भेज दीजिए। यह खास तौर पर उन लोगों के लिए बहुत काम का होगा जो रोज फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट शेयर करते हैं। इसके अलावा यह समय भी बचाएगा क्योंकि पारंपरिक तरीकों के मुकाबले यह ज्यादा तेज हो सकता है। अगर यह फीचर सही तरीके से काम करता है, तो यह फाइल शेयरिंग को उतना ही आसान बना सकता है जितना आज कॉल करना या मैसेज भेजना है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


