Source :- LIVE HINDUSTAN
सोना बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 3000 रुपये बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमतें 11,800 रुपये के उछाल के साथ 2.57 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गईं।
अक्षय तृतीया से पहले सोने और चांदी दोनों के दाम में तेज उछाल आया है। ज्वैलर्स और स्टॉकिस्ट की ताजा खरीदारी से बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोना 3,000 रुपये बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमतें 11,800 रुपये बढ़कर 2.57 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गईं। अक्षय तृतीया को कीमती धातुओं (सोना और चांदी) की खरीद के लिए शुभ दिन माना जाता है। इस साल अक्षय तृतीया 19 अप्रैल है।
करीब 2 प्रतिशत उछले सोने के दाम
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी सोमवार के बंद स्तर 2,45,200 रुपये प्रति किलोग्राम से 11,800 रुपये या 4.81 प्रतिशत बढ़कर 2,57,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) पर जा पहुंची। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 3,000 रुपये या करीब दो प्रतिशत बढ़कर 1,58,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) पर पहुंच गया। पिछले बाजार सत्र में सोना 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। स्थानीय सर्राफा बाजार मंगलवार को छुट्टी की वजह से बंद था। कारोबारियों ने इस तेज बढ़त की वजह त्योहार से पहले की खरीदारी को बताया, जो मजबूत खुदरा मांग की उम्मीदों के बीच हुई।
वैश्विक बाजार में सोने और चांदी के दाम में आई गिरावट
श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर चेतन थडेश्वर ने कहा,’अक्षय तृतीया आभूषण उद्योग के लिए सबसे खास समय में से एक है, जो परंपरा और सोने से जुड़े मूल्य की वजह से चलता है।’ उन्होंने कहा, ‘हालांकि सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है, लेकिन ग्राहकों का इरादा मज़बूत बना हुआ है और वे हल्के, कई तरह से इस्तेमाल होने वाले और डिजाइन वाले आभूषणों को पसंद कर रहे हैं जो बदलती जीवनशैली के हिसाब से हों।’ हालांकि, इंटरनेशनल मार्केट्स में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई है। स्पॉट गोल्ड (हाजिर सोना) 45.88 डॉलर या लगभग एक प्रतिशत गिरकर 4,795.97 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1.2 प्रतिशत टूटकर 78.61 डॉलर प्रति औंस पर जा पहुंची।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि बुधवार को सोना 4,800 डॉलर प्रति औंस के आसपास रहा, क्योंकि इस बात की नई उम्मीद जगी है कि अमेरिका और ईरान लड़ाई खत्म करने के लिए एक समझौते पर पहुंच सकते हैं।
पिछली अक्षय तृतीया से 55% से ज्यादा बढ़ गए हैं सोने के दाम
पिछली अक्षय तृतीया से लेकर अब तक सोने के दाम में 55 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। पिछले साल अक्षय तृतीया 30 अप्रैल 2025 को थी और सोने के दाम 99000 प्रति 10 ग्राम के करीब थे। सोने के दाम 15 अप्रैल 2026 को 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए हैं। लगातार नौवें साल सोने ने निवेशकों को सॉलिड रिटर्न दिया है।
(लाइव हिन्दुस्तान के इनपुट के साथ)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



