Home व्यापार समाचार सरकार ने LPG, CNG और PNG को लेकर दिया बड़ा अपडेट! गैस...

सरकार ने LPG, CNG और PNG को लेकर दिया बड़ा अपडेट! गैस संकट के बीच उठाया ये कदम

18
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

LPG latest updates: पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत सरकार ने साफ किया है कि देश में LPG, PNG और CNG की 100% सप्लाई सुनिश्चित है। अफवाहों के कारण हो रही पैनिक बाइंग पर सरकार सख्ती दिखा रही है और लोगों से अपील की है कि वे केवल जरूरत के अनुसार ही गैस खरीदें, क्योंकि देश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

LPG latest updates: पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच भारत में गैस सप्लाई को लेकर लोगों के मन में चिंता जरूर बढ़ी है, लेकिन सरकार ने साफ तौर पर भरोसा दिलाया है कि देश में घरेलू जरूरतों के लिए किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, घरेलू एलपीजी सिलेंडर, पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और सीएनजी (CNG) ट्रांसपोर्ट के लिए 100% सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है, यानी आम लोगों को गैस की कमी को लेकर घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। सरकार लगातार हालात पर नजर रख रही है और कोशिश कर रही है कि अंतरराष्ट्रीय संकट का असर आम जनता पर कम से कम पड़े। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

सरकार के अधिकारियों ने बताया कि भले ही कच्चे तेल और गैस के आयात पर वैश्विक हालात का असर पड़ा हो, लेकिन देश के अंदर सप्लाई चेन को मजबूत बनाए रखा गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि उनके दैनिक जीवन पर कोई असर न पड़े। इसके साथ ही कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई भी धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और फिलहाल यह लगभग 70% तक बहाल हो चुकी है। खास तौर पर अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को सबसे पहले गैस उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि जरूरी सेवाएं बिना किसी रुकावट के चलती रहें। इसके अलावा फार्मा, स्टील, कृषि और बीज जैसे महत्वपूर्ण सेक्टर्स को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

दिलचस्प बात यह है कि अप्रैल महीने में कमर्शियल एलपीजी की डिमांड में काफी तेजी देखने को मिली है। रोजाना बिक्री के आंकड़े पहले के मुकाबले लगभग दोगुने हो गए हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और राजस्थान जैसे राज्यों में गैस की मांग तेजी से बढ़ी है। इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 22 राज्यों को अतिरिक्त 10% एलपीजी आवंटन दिया जा रहा है। वहीं, प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों की सप्लाई भी लगभग दोगुनी कर दी गई है, जिससे उन्हें आसानी से गैस मिल सके।

सरकार ने यह भी साफ किया है कि प्राकृतिक गैस की सप्लाई में भी कोई बड़ी समस्या नहीं है। घरेलू उपयोग के लिए इसे पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है, जबकि खाद (फर्टिलाइजर) सेक्टर को करीब 95% तक गैस दी जा रही है। इंडस्ट्रियल और कमर्शियल सेक्टर को भी लगभग 80% सप्लाई मिल रही है, ताकि उद्योगों का कामकाज प्रभावित न हो।

हालांकि, कुछ जगहों पर अफवाहों की वजह से लोग जरूरत से ज्यादा गैस खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। देशभर में करीब 2,800 छापेमारी और जांच की गई हैं, जिसमें हजारों सिलेंडर जब्त किए और कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई है।

अंत में सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराकर गैस, पेट्रोल या डीजल की ज्यादा खरीदारी न करें। देश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है, इसलिए जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN