Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा का मानना है कि एलियंस सच में होते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि वे नहीं जानते कि एलियंस कहा हैं। एरिया 51 के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी कोई जगह नहीं है। या फिर ऐसा हो सकता है कि इसके बारे में राष्ट्रपति को भी न बताया जाता हो।
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का मानना है कि एलियंस सच में होते हैं। दो कार्यकाल तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे ओबामा ने कहा कि उनका मानना है कि वह सच में है, हालांकि उन्हें नहीं पता कि वह कहां है। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर चलने वाली एरिया 51 की थ्योरी पर भी बात की। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है, कोई भूमिगत सुविधा नहीं है। गौरतलब है कि कई लोगों द्वारा ऐसा माना जाता है कि संयुक्त राज्य अमेरिका में एरिया 51 नामक एक जगह है, जहां पर एलियंस को रखा गया है।
एक यूट्यूब पॉडकॉस्ट में एलियंस के ऊपर बात करते हुए ओबामा ने कहा कि उन्होंने देखा नहीं है, लेकिन ऐसा मानना है कि एलियंस होते हैं। हालांकि पूर्व राष्ट्रपति ने यह स्पष्ट नहीं किया कि जब उन्होंने वास्तविक में एलियंस कहा तो उनका क्या मतलब था। लेकिन उन्होंने एक बार फिर से इस बात पर बहस छेड़ दी है कि एलियंस होते हैं या फिर नहीं।
एरिया 51 पर भी की बात
एरिया 51 को लेकर सोशल मीडिया और कई लोगों के बीच में धारणा है नेवादा की ग्रूम लेक के पास अमेरिकी सेना का एक अत्यंत गोपनीय भूमिगत अड्डा है, जहां पर अमेरिकी सरकार एलियंस के शवों को रखे हुए है। ओबामा से जब इसके बारे में पूछा गया कि तो उन्होंने जवाब दिया कि ऐसी कोई भी जगह नहीं है। उन्होंने कहा, ” उन्हें एरिया 51 में नहीं रखा गया है, कोई भूमिगत सुविधा नहीं है… जब तक कि कोई बहुत बड़ी साजिश न हो और उन्होंने इसे संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति से भी छिपा न रखा हो।”
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में पृथ्वी पर रहने वाले संभावित एलियंस को लेकर अमेरिका और लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। इसकी सबसे बड़ी वजह सार्वजनिक स्थानों पर रहस्यमय विमानों के देखे जाने की जानकारी से है। कई बार अमेरिकी सेना या किसी अन्य सेना द्वारा यूएफओ देखे जाने की जानकारी सामने आती है। 13 साल पहले अमेरिकी रीपर ड्रोन ने एक ऐसी ही दुर्लभ घटना रिकॉर्ड की थी। इसके बाद 2021 में पेंटागन ने नौसेना द्वारा तीन असामान्य वस्तुएं देखे जाने की बात कही थी। हालांकि, इस बारे में कभी भी ज्यादा कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
यह पहली बार नहीं है, जब ओबामा ने एलियंस और यूएफओ के अस्तित्व को लेकर टिप्पणी की हो। इसके पहले भी एक शो में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि जब बात एलियंस की आती है, तो ऐसी कई बातें हैं, जो कि मैं आपको ऑन-एयर नहीं बता सकता। उन्होंने आगे पुष्टि की थी कि यूएफओ देखे जाने की घटनाएँ वास्तविक थीं और सरकार उन विमानों की उत्पत्ति या उनके असामान्य उड़ान पैटर्न की व्याख्या नहीं कर सकी थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



